सुशासन तिहार में कांग्रेस का जोरदार हंगामा: अवैध रेत परिवहन और शराब बिक्री के खिलाफ प्रदर्शन, महिलाओं ने मटकी फोड़कर जताया गुस्सा…NV News

Share this

NV News- छत्तीसगढ़ के अभनपुर विधानसभा क्षेत्र के गोबरा नवापारा नगर में आयोजित ‘सुशासन तिहार’ कार्यक्रम के दौरान भारी राजनीतिक और सामाजिक हंगामा देखने को मिला। नगर में व्याप्त विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर स्थानीय कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। नगर के हरिहर स्कूल में चल रहे आधिकारिक कार्यक्रम के बीच पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने शासन और प्रशासन की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर दबाव बनाया।

इस प्रदर्शन की सबसे खास बात स्थानीय महिलाओं की भारी भागीदारी रही, जो हाथों में विरोध की तख्तियां और खाली मटकियां लेकर कार्यक्रम स्थल पर पहुंची थीं। क्षेत्र में गहराते पेयजल संकट और भीषण गर्मी में पानी की किल्लत से नाराज महिलाओं ने अधिकारियों के सामने ही मटकी फोड़कर अपना कड़ा आक्रोश दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का बुरा हाल है और आम जनता पानी की एक-एक बूंद के लिए तरस रही है, जबकि प्रशासन ‘सुशासन’ का ढोंग कर रहा है।

पेयजल समस्या के अलावा कांग्रेस नेताओं ने इलाके में सक्रिय माफियाओं और प्रशासनिक शिथिलता का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि गोबरा नवापारा में अवैध रेत और अन्य खनिजों का परिवहन धड़ल्ले से जारी है, तथा अवैध शराब की बिक्री पर कोई अंकुश नहीं लग पा रहा है। इसके साथ ही गरीब हितग्राहियों को समय पर पेंशन न मिलने, किसानों को खाद की अनुपलब्धता और लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती से जनता बेहाल है। इन सभी विषयों पर कांग्रेस ने प्रशासन को एक ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की चेतावनी दी है।

Share this

You may have missed