सनसनी: जेल से बाहर आते ही पूर्व कांग्रेस नेता नवाज अली ने किया सुसाइड, गौठान परिसर में फंदे पर लटकी मिली लाश…NV News
Share this
NV News- कांकेर: छत्तीसगढ़ के कांकेर शहर से आज सुबह एक बेहद चौंकाने वाली और सनसनीखेज खबर सामने आई है। यहाँ के पूर्व कांग्रेस नेता नवाज अली ने आत्मघाती कदम उठाते हुए खुदकुशी कर ली है। मंगलवार सुबह शहर के संजय नगर स्थित गौठान परिसर में उनका शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। सुबह-सुबह गौठान परिसर में लाश मिलने की खबर जैसे ही इलाके में फैली, पूरे शहर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुँची और शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पंचायत सचिव की मौत के मामले में गए थे जेल
नवाज अली की खुदकुशी के पीछे की पृष्ठभूमि को लेकर चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि पूर्व कांग्रेस नेता हाल ही में जेल से जमानत पर बाहर आए थे। कुछ महीने पहले कोदागांव के पास एक भीषण सड़क हादसा हुआ था। इस हादसे में आरोप था कि नवाज अली की तेज रफ्तार कार ने एक पंचायत सचिव को जोरदार ठोकर मार दी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने पंचायत सचिव को मृत घोषित कर दिया था। इस हाई-प्रोफाइल मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नवाज अली के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज की थी और उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
जेल से आते ही उठाया खौफनाक कदम
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, जेल से रिहा होने के बाद से ही नवाज अली काफी तनाव और मानसिक दबाव में चल रहे थे। इसी बीच मंगलवार की सुबह उन्होंने संजय नगर गौठान में जाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट मिला है या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो पाई है। पुलिस मर्ग कायम कर इस बात की बारीकी से जांच कर रही है कि उन्होंने यह आत्मघाती कदम कानूनी कार्रवाई के डर से उठाया या इसके पीछे कोई और पारिवारिक या व्यक्तिगत वजह थी। घटना के बाद से उनके समर्थकों और राजनीतिक हलकों में शोक की लहर है।

