‘मन की बात’ में गूंजा अबूझमाड़: PM मोदी ने देश के सामने रखी बदलती तस्वीर, वन मंत्री केदार कश्यप बोले- यह जनजातीय गौरव का क्षण…NV News
Share this
NV News- छत्तीसगढ़ के सबसे दुर्गम और कभी धुर नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शुमार रहे ‘अबूझमाड़’ की बदलती और सकारात्मक तस्वीर को आज राष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ी पहचान मिली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बेहद लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ (Mann Ki Baat) के 134वें संस्करण में नारायणपुर जिले के सुदूर गांव ईरकभट्टी (अबूझमाड़) में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम की झलकियां देश और दुनिया के सामने प्रसारित की गईं। इस ऐतिहासिक पल को लेकर छत्तीसगढ़ सरकार और स्थानीय आदिवासियों में भारी उत्साह है।
नारायणपुर के ईरकभट्टी में आयोजित इस विशेष श्रवण कार्यक्रम में प्रदेश के वन मंत्री केदार कश्यप स्वयं ग्रामीणों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान वन मंत्री केदार कश्यप पारंपरिक जनजातीय वेशभूषा और मुकुट पहने नजर आए। उन्होंने इस पल को पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरवशाली बताते हुए कहा कि देश के शीर्ष मंच पर अबूझमाड़ की इस तरह उपस्थिति यहां के स्थानीय लोगों के बढ़ते आत्मविश्वास और जनजातीय गौरव को एक नई और मजबूत पहचान देने वाली है।
अबूझमाड़, जिसे कभी विकास की मुख्यधारा से कटा हुआ और अशांत क्षेत्र माना जाता था, वहां अब शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और सुरक्षा के मोर्चे पर तेजी से बदलाव आ रहा है। प्रधानमंत्री मोदी द्वारा अपने कार्यक्रम में इस अंचल का जिक्र करना यह साबित करता है कि केंद्र और राज्य सरकार की नीतियां अब बस्तर के अंतिम छोर तक पहुंच रही हैं। इस प्रसारण के बाद से नारायणपुर और अबूझमाड़ के युवाओं और ग्रामीणों में एक नया जोश देखा जा रहा है, जो अब हिंसा का रास्ता छोड़ देश के विकास में कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रहे हैं।

