खाकी दागदार: गलत मेडिकल रिपोर्ट ने नाबालिग को बताया गर्भवती, सोमनी थाने में रातभर पीड़िता और परिजनों को बेरहमी से पीटा…NV News

Share this

NV News- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के सोमनी थाना क्षेत्र से पुलिस की संवेदनहीनता और बर्बरता का एक रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक बीमार नाबालिग किशोरी को अस्पताल की गलत मेडिकल रिपोर्ट के कारण पहले तो कथित रूप से गर्भवती बता दिया गया। इसके बाद मामले में संवेदनशीलता दिखाने के बजाय सोमनी थाना पुलिस ने कानून की सारी हदें पार कर दीं। पुलिसकर्मियों ने पीड़िता और उसके परिजनों को पूरी रात थाने में बंधक बनाकर रखा और उनके साथ किसी खूंखार अपराधी की तरह अमानवीय व्यवहार किया।

पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन पर बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि थाने में पदस्थ एक महिला कांस्टेबल ने न केवल नाबालिग किशोरी के साथ गंदी-गंदी गालियां देकर मारपीट की, बल्कि बेरहमी से उसका गला भी दबाया। पूरी रात थाने में चले इस प्रताड़ना के दौर से नाबालिग और उसका परिवार बुरी तरह सहम गया है। अस्पताल की एक लापरवाही भरी रिपोर्ट और पुलिस के बिना जांच-पड़ताल किए गए इस हिंसक रवैये ने कानून व्यवस्था और खाकी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

इस खौफनाक घटना के उजागर होने के बाद से स्थानीय जनता और विभिन्न संगठनों में भारी आक्रोश व्याप्त है और यह मामला अब लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। पीड़ित परिवार ने उच्च अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाते हुए दोषी महिला कांस्टेबल और जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के आला अधिकारियों ने जांच के आदेश दिए हैं, लेकिन इस घटना ने पुलिस के ‘मित्र पुलिस’ वाले दावों की पूरी तरह पोल खोलकर रख दी है।

Share this

You may have missed