पानी के विवाद पर खूनी खेल: रायपुर में पार्षद ने साथियों संग मिलकर की युवक की हत्या, सबूत मिटाने महानदी किनारे रेत में दफनाया शव…NV News

Share this

NV News- रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से सटे मंदिर हसौद इलाके में पानी के मामूली विवाद ने एक युवक की जान ले ली। पिछले 22 मई से रहस्यमयी ढंग से लापता भुवनेश्वर यादव की बेरहमी से हत्या किए जाने का सनसनीखेज पर्दाफाश हुआ है। पुलिस की तफ्तीश में सामने आया है कि पानी भरने को लेकर हुए विवाद और गाली-गलौज के बाद एक निर्दलीय पार्षद ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। हत्या के बाद सबूत मिटाने की नीयत से आरोपियों ने युवक की लाश को महानदी के किनारे रेत में गहरा गड्ढा खोदकर दफना दिया था।

पुलिस प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस हत्या कांड के मुख्य आरोपी निर्दलीय पार्षद नोहर दास उर्फ गोलू रात्रे समेत चार संदेहियों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस कंट्रोल रूम में चारों आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मृतक भुवनेश्वर यादव 22 मई को अचानक घर से गायब हो गया था, जिसके बाद परिजनों ने मंदिर हसौद थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। संदेह के आधार पर जब पुलिस ने वार्ड के पार्षद नोहर दास और उसके करीबियों को उठाकर पूछताछ की, तब जाकर इस खौफनाक मर्डर मिस्ट्री का खुलासा हुआ।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम ने महानदी के घाट पर पहुंचकर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में रेत को खुदवाकर भुवनेश्वर यादव का शव बरामद कर लिया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों का आरोप है कि पानी जैसी बुनियादी जरूरत पर हुए छोटे से झगड़े को लेकर पार्षद ने रसूख के नशे में वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मामले में हत्या और साक्ष्य छुपाने की विभिन्न संगीन धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है और पकड़े गए सभी आरोपियों को जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।

Share this

You may have missed