छत्तीसगढ़ में जल्द शुरू होगी बड़ी शिक्षक भर्ती: शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव का बड़ा ऐलान, ‘सुशासन तिहार’ में चाकूबाजी की जांच के आदेश…NV News
Share this
NV News- डोंगरगढ़: छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा एवं जिले के प्रभारी मंत्री गजेंद्र यादव ने प्रदेश के युवाओं और कानून व्यवस्था को लेकर कई बड़े और महत्वपूर्ण बयान दिए हैं। डोंगरगढ़ के सरस्वती शिशु मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित प्रांतीय आचार्य सामान्य प्रशिक्षण एवं दक्षता वर्ग 2026 के समापन समारोह में पहुंचे शिक्षा मंत्री ने मीडिया से चर्चा के दौरान साफ किया कि प्रदेश में बहुप्रतीक्षित शिक्षक भर्ती को लेकर किसी भी तरह के संशय की स्थिति नहीं है। सरकार द्वारा इसके लिए पद स्वीकृत किए जा चुके हैं और बहुत जल्द ही भर्ती का आधिकारिक नोटिफिकेशन और सिलेबस जारी कर दिया जाएगा। मंत्री के इस भरोसे के बाद प्रदेश के लाखों बेरोजगार युवाओं को बड़ी राहत मिली है।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने केवल शिक्षा विभाग पर ही नहीं, बल्कि राज्य की कानून व्यवस्था को लेकर भी बेहद सख्त रुख अपनाया। पिछले दिनों आयोजित ‘सुशासन तिहार’ कार्यक्रम के दौरान हुई चाकूबाजी की घटना पर गहरी नाराजगी जताते हुए मंत्री ने मौके पर ही पुलिस प्रशासन को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिले के एसपी (पुलिस अधीक्षक) और आईजी (पुलिस महानिरीक्षक) को इस पूरी चाकूबाजी की घटना की उच्च स्तरीय जांच करने के कड़े निर्देश दिए हैं।
प्रभारी मंत्री ने दोटूक शब्दों में कहा कि प्रदेश में सुशासन की स्थापना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। शासकीय कार्यक्रमों या सार्वजनिक स्थलों पर इस तरह की आपराधिक गतिविधियां और हुल्लड़बाजी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया है कि चाकूबाजी की घटना में शामिल सभी आरोपियों की त्वरित पहचान कर उनके खिलाफ ऐसी सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए जो दूसरों के लिए नजीर बने। शिक्षा मंत्री के इस कड़े तेवर से साफ है कि सरकार अपराधियों पर लगाम कसने के लिए पूरी तरह गंभीर है।

