दिल्ली दौरा: CM विष्णु देव साय और BJP अध्यक्ष नितिन नवीन के बीच अहम बैठक, छत्तीसगढ़ की प्रगति और नई योजनाओं पर बनी रणनीति…NV News
Share this
NV News- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने दो दिवसीय दिल्ली दौरे के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से एक महत्वपूर्ण मुलाकात की है। इस उच्च स्तरीय बैठक को छत्तीसगढ़ के आगामी विकास और राजनीतिक परिदृश्य के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) पर इस मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए इसे बेहद सकारात्मक, सार्थक और विकासोन्मुख बताया। बैठक के दौरान छत्तीसगढ़ सरकार के कामकाज और भविष्य की योजनाओं का खाका भी सामने रखा गया।
इस संगठनात्मक और प्रशासनिक बैठक में मुख्य रूप से केंद्र और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा छत्तीसगढ़ में चल रहे विकास कार्यों को नई गति देने जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने राज्य में भाजपा संगठन की मजबूती और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया। मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की योजनाओं के राज्य में प्रभावी क्रियान्वयन और उससे मिल रहे सकारात्मक परिणामों की जानकारी भी राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ साझा की।
बैठक के दौरान राज्य के कोर एजेंडों जैसे गरीब कल्याण, किसानों के हित, युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने और महिला सशक्तिकरण से जुड़े संवेदनशील विषयों पर भी गहन मंथन हुआ। बस्तर और सरगुजा जैसे दूरस्थ अंचलों में अधोसंरचना विकास और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी बातचीत हुई। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि दिल्ली में हुई इस अहम मुलाकात के बाद आने वाले दिनों में छत्तीसगढ़ के विकास कार्यों और नई जनकल्याणकारी योजनाओं की घोषणाओं में तेजी देखने को मिल सकती है।

