जलभराव की समस्या होगी खत्म: कविता नगर और गीतांजलि नगर में ₹1.70 करोड़ से बनेगा चौड़ा नाला और 3 पुलिया…NV News
Share this
NV News- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के उत्तर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कविता नगर और गीतांजलि नगर के रहवासियों को जल्द ही बारिश के दिनों में होने वाले जलभराव की पुरानी और गंभीर समस्या से मुक्ति मिलने वाली है। नगर पालिक निगम रायपुर के जोन क्रमांक 3 के तहत शहीद वीरनारायण सिंह वार्ड क्रमांक 33 में बाढ़ आपदा राहत मद से लगभग 1 करोड़ 70 लाख रुपए की लागत से विकास कार्यों को मंजूरी दी गई है। इस राशि से क्षेत्र में लगभग 605 मीटर की लंबाई में 7 से 9 फीट चौड़े पक्के नाले और 3 नई पुलिया का निर्माण अत्यंत शीघ्र शुरू कराया जाएगा।
इस महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजना का शुभारंभ करने के लिए रायपुर उत्तर के विधायक पुरंदर मिश्रा और रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे ने गीतांजलि नगर पहुंचकर विधिवत भूमिपूजन किया। इस अवसर पर जोन 3 की अध्यक्ष साधना प्रमोद साहू, वार्ड 33 के पार्षद प्रदीप वर्मा, शंकरनगर वार्ड के पार्षद राजेश गुप्ता सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय रहवासी, महिलाएं व वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे। अतिथियों ने नारियल फोड़कर और कुदाल चलाकर निर्माण कार्य की आधारशिला रखी और स्थानीय जनता को विकास कार्यों की शानदार सौगात दी।
विधायक पुरंदर मिश्रा और महापौर मीनल चौबे ने जोन कमिश्नर प्रीति सिंह और कार्यपालन अभियंता ईश्वर लाल टावरे सहित तकनीकी टीम को निर्देशित किया है कि नाले और पुलिया का निर्माण कार्य तत्काल शुरू किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को काम की सतत मॉनिटरिंग करने और तय समय सीमा के भीतर इसे गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए ताकि आगामी मानसून में स्थानीय लोगों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े। इस पुरानी मांग के पूरे होने पर वार्ड पार्षद प्रदीप वर्मा और कविता नगर व गीतांजलि नगर के रहवासियों ने जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया है।

