क्या किसी बड़े हादसे का इंतजार? 3 साल से खंडहर स्कूल में पढ़ने को मजबूर हैं मासूम बच्चे…NV News

Share this

NV News- बिलासपुर: ग्राम पंचायत करहीपार के शासकीय प्राथमिक शाला की स्थिति पिछले तीन वर्षों से अत्यंत जर्जर और खंडहरनुमा हो चुकी है। स्कूल की इमारत इस कदर खराब है कि मासूम बच्चों के सिर पर टिकी छत का प्लास्टर लगातार नीचे गिर रहा है। इस खतरनाक माहौल में पढ़ाई करने के कारण बच्चों के सिर पर हर वक्त गंभीर हादसे और मौत का साया मंडरा रहा है, जिससे पालकों में भारी डर का माहौल है।

इस बेहद संवेदनशील मामले को लेकर ग्रामीणों और स्कूल प्रबंधन द्वारा शिक्षा विभाग से लगातार शिकायतें की जा रही हैं, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने अब तक इस पर कोई सुध नहीं ली है। शिक्षा विभाग की इस घोर उदासीनता और संवेदनहीनता से परेशान होकर आखिरकार उपसरपंच और ग्रामीणों को खुद मोर्चा संभालना पड़ा।

विभाग की अनदेखी से तंग आकर ग्राम पंचायत के उपसरपंच ग्रामीणों के साथ बिलासपुर कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने जिला प्रशासन को स्कूल की बदहाली से अवगत कराया और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द एक नए स्कूल भवन निर्माण की मांग का ज्ञापन सौंपा है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस पर कब तक एक्शन लेता है।

Share this

You may have missed