बंदूक की जगह बस्तर में अब बहेगी विकास की बयार: सुरक्षा कैंप बनेंगे ‘सेवाडेरा’, रायपुर लौटकर सीएम साय ने कांग्रेस को घेरा…NV News
Share this
NV Raipur Capital News: बस्तर के जगदलपुर में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में आयोजित मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शाम को राजधानी रायपुर लौट आए हैं। रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने इस अंतर-राज्यीय बैठक को बेहद सार्थक और सफल बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र और पड़ोसी राज्यों के बेहतर तालमेल से बस्तर समेत पूरे छत्तीसगढ़ में विकास कार्यों को एक नई और तेज रफ्तार दी जाएगी।
इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बस्तर के लिए केंद्र सरकार की एक अत्यंत महत्वाकांक्षी योजना का जिक्र करते हुए कहा कि बस्तर अंचल में सुरक्षा बलों के कैंपों को अब ‘सेवाडेरा’ (जन सुविधा केंद्र) के रूप में विकसित किया जाएगा। इन केंद्रों के माध्यम से स्थानीय आदिवासी युवाओं और ग्रामीणों को सीधे तौर पर रोजगार के नए अवसरों से जोड़ा जाएगा। ये सेवाडेरा न केवल सुरक्षा मुहैया कराएंगे, बल्कि एक ही छत के नीचे बैंकिंग, आधार कार्ड, राशन कार्ड और करीब 371 सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे बस्तरिया जनता तक पहुंचाएंगे।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री साय ने नक्सलवाद के मुद्दे पर पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार हमेशा से बस्तर से नक्सलवाद का पूरी तरह खात्मा करना चाहती थी, लेकिन छत्तीसगढ़ की पिछली कांग्रेस सरकार ने इस दिशा में केंद्र का बिल्कुल भी सहयोग नहीं किया। साय ने कहा कि अब राज्य में भाजपा की डबल इंजन सरकार होने के कारण नक्सलवाद अपने अंतिम दौर में है और बस्तर को देश का सबसे विकसित आदिवासी संभाग बनाने के संकल्प के साथ काम किया जा रहा है।

