‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत बड़ी सफलता: शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग बरामद…NV News

Share this

NV News- छत्तीसगढ़ की मुंगेली पुलिस को लापता बच्चों की खोजबीन के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने शादी का प्रलोभन देकर एक नाबालिग लड़की को भगा ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने वाले मुख्य आरोपी दुर्गेश साहू उर्फ सुनील को धर दबोचा है। इसके साथ ही पुलिस टीम ने आरोपी के चंगुल से पीड़ित नाबालिग बालिका को भी सकुशल बरामद कर लिया है, जिससे उसके परिवार ने राहत की सांस ली है।

यह पूरा मामला मुंगेली जिले के चिल्फी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली चौकी डिंडौरी का है। पुलिस को शिकायत मिली थी कि आरोपी ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर शादी का झांसा दिया और उसे अपने साथ भगा ले गया, जिसके बाद उसने पीड़िता के साथ दुष्कर्म जैसी घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए फौरन मामला दर्ज कर जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को लोकेट कर लिया।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में डिंडौरी चौकी और चिल्फी थाना पुलिस ने जाल बिछाकर आरोपी दुर्गेश साहू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं और पोक्सो (POCSO) एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं, बरामद की गई नाबालिग बालिका को उचित काउंसिलिंग के बाद उसके परिजनों को सौंप दिया गया है। मुंगेली पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की इलाके में काफी सराहना हो रही है।

Share this