हाईकोर्ट की फटकार का असर: नगर निगम ने देर रात 22 आश्रितों को सौंपी अनुकंपा नियुक्ति…NV News
Share this
NV News- बिलासपुर नगर निगम में सालों से लंबित अनुकंपा नियुक्ति के मामले में आखिरकार हाईकोर्ट के कड़े रुख के बाद बड़ी सफलता मिली है। निगम प्रशासन ने आनन-फानन में देर रात कार्यालय खोलकर 22 पात्र उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र सौंप दिए। दरअसल, ये सभी आश्रित लंबे समय से सेटअप की कमी का हवाला देकर प्लेसमेंट कर्मचारी के तौर पर कार्य करने को मजबूर थे। नियमित नियुक्ति न मिलने पर पीड़ितों ने न्याय की गुहार लगाते हुए उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था।
मामले की सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने नगर निगम प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गहरी नाराजगी व्यक्त की और अवमानना की स्थिति को देखते हुए कड़ी फटकार लगाई। कोर्ट के सख्त आदेश के बाद निगम प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए और सालों से अटकी हुई फाइलों को कुछ ही घंटों में निपटाया गया। देर रात हुई इस कार्रवाई ने यह स्पष्ट कर दिया कि जो काम प्रशासनिक प्रक्रिया की जटिलताओं में फंसा हुआ था, वह न्यायिक हस्तक्षेप के बाद रातों-रात पूरा कर लिया गया।
इन नियुक्तियों से उन परिवारों को बड़ी राहत मिली है जो अपने परिजनों के निधन के बाद आर्थिक तंगी और अनिश्चितता का सामना कर रहे थे। सेटअप न होने का बहाना बनाकर सालों तक इन्हें इनके हक से वंचित रखा गया था। अब नियमित नियुक्ति मिलने से इन कर्मचारियों को सरकारी सुविधाओं और स्थायी वेतन का लाभ मिल सकेगा। शहर में इस घटनाक्रम की चर्चा जोरों पर है कि कैसे प्रशासन केवल अदालती डंडे के डर से अपनी जिम्मेदारियों के प्रति सक्रिय हुआ।

