सार्वजनिक परिवहन बेहाल: प्रधानमंत्री की अपील और निगम की बदहाली के बीच पिसती जनता…NV News

Share this

NV News- बिलासपुर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में देशवासियों से ईंधन की बचत और पर्यावरण संरक्षण के लिए सार्वजनिक परिवहन (पब्लिक ट्रांसपोर्ट) के अधिक उपयोग की अपील की है। लेकिन न्यायधानी बिलासपुर में नगर निगम की लापरवाही के कारण यह अपील धरातल पर उतरती नहीं दिख रही है। शहर की जीवनरेखा मानी जाने वाली सिटी बस सेवा पूरी तरह चरमरा गई है, जिससे नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

नगर निगम के बड़े-बड़े दावों के बावजूद, बिलासपुर की सड़कों पर सिटी बसों का अकाल पड़ा हुआ है। वर्तमान में बसों की संख्या इतनी कम रह गई है कि उन्हें उंगलियों पर गिना जा सकता है। बस स्टॉप पर घंटों इंतजार करने के बाद भी लोगों को बसें नसीब नहीं हो रही हैं। इस अव्यवस्था के कारण मध्यम और निम्न वर्ग के लोग, छात्र और कामकाजी महिलाएं ऑटो चालकों की मनमानी और निजी वाहनों के बढ़ते पेट्रोल खर्च का बोझ उठाने को मजबूर हैं।

शहरवासियों का कहना है कि एक तरफ सरकार प्रदूषण कम करने के लिए सार्वजनिक वाहनों को बढ़ावा देने की बात करती है, वहीं दूसरी तरफ स्थानीय प्रशासन की उदासीनता के कारण करोड़ों की लागत से खरीदी गई बसें डिपो में धूल फांक रही हैं। यदि नगर निगम ने जल्द ही सिटी बसों का संचालन सुचारू नहीं किया, तो प्रधानमंत्री का पर्यावरण संरक्षण का सपना बिलासपुर में केवल कागजों तक ही सीमित रह जाएगा।

Share this