छत्तीसगढ़: नेशनल हाईवे 53 पर बनेगा 26वां टोल प्लाजा, अधिसूचना जारी…NV News
Share this
NV News Ripur- छत्तीसगढ़ में भारतमाला परियोजना के तहत सड़कों का जाल बिछाने के साथ ही अब वाहन चालकों की जेब पर टोल का बोझ भी बढ़ने वाला है। प्रदेश में वर्तमान में संचालित 25 टोल प्लाजा के बाद अब 26वें टोल प्लाजा के निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने दुर्ग एनएच-53 के टेडेसरा से आरंग तक फैले भारतमाला कॉरिडोर में नए टोल प्लाजा के लिए जमीन अधिग्रहण की आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है।
नया टोल प्लाजा दुर्ग जिले के 8 चिन्हित गांवों के बीच कहीं भी स्थापित किया जा सकता है। मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार थनौद, धनोरा, कोलिहापुरी, उमरपोटी, हनौदा, खोपली, पिसेगांव और पुरई के बीच 3.5 से 24 किलोमीटर के दायरे में जमीन का चयन किया जाएगा। इन क्षेत्रों में निर्माण के लिए सरकार ने दावा-आपत्ति की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है, ताकि जल्द से जल्द काम को गति दी जा सके।
एनएचएआई (NHAI) के अधिकारियों के मुताबिक, दुर्ग से आरंग के बीच 92 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क का निर्माण अब अपने अंतिम चरण में है। इस कॉरिडोर के पूरी तरह तैयार होने के बाद यातायात को सुगम बनाने और रखरखाव के लिए टोल वसूली शुरू की जाएगी। गौरतलब है कि रायपुर और दुर्ग के बीच बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिए यह भारतमाला प्रोजेक्ट अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इस नई अधिसूचना के बाद स्थानीय स्तर पर हलचल तेज हो गई है। दुर्ग-आरंग मार्ग पर बनने वाले इस टोल प्लाजा के लिए उपयुक्त स्थान का चयन तकनीकी सर्वेक्षण के बाद अंतिम रूप से किया जाएगा। एक ओर जहां चमचमाती सड़कों से सफर का समय कम होगा, वहीं दूसरी ओर नया टोल प्लाजा शुरू होने से यात्रियों और मालवाहकों को अतिरिक्त शुल्क चुकाना होगा। फिलहाल विभाग भूमि अधिग्रहण की वैधानिक औपचारिकताएं पूरी करने में जुटा है।

