सड़क निर्माण में भारी भ्रष्टाचार: बेस में गिट्टी की जगह बिछाई जा रही मिट्टी, ग्रामीणों ने काम रुकवाकर जताया विरोध…NV News
Share this
NV News- छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत निर्माणाधीन एक सड़क भ्रष्टाचार और भारी लापरवाही की भेंट चढ़ती नजर आ रही है। जरहागांव के मुख्य मार्ग 130 (ए) से चीतवाकापा तक बनाई जा रही इस डेढ़ किलोमीटर लंबी सड़क की गुणवत्ता को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने गंभीर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का स्पष्ट कहना है कि करोड़ों की लागत से तैयार हो रही यह सड़क निर्माण के मानकों को पूरा नहीं करती और भ्रष्टाचार के चलते अपनी मजबूती खो चुकी है।
स्थानीय निवासियों और जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि सड़क के बेस (आधार) को मजबूत बनाने के लिए गिट्टी और पत्थर के बोल्डर का इस्तेमाल करने के बजाय, ठेकेदार द्वारा धड़ल्ले से मिट्टी डाली जा रही है। ग्रामीणों को डर है कि यदि इसी तरह निर्माण जारी रहा, तो मानसून की पहली बारिश भी यह सड़क नहीं झेल पाएगी और पूरी तरह कीचड़ में तब्दील होकर धंस जाएगी। घटिया सामग्री के उपयोग से शासन के करोड़ों रुपयों की बर्बादी की आशंका जताई जा रही है।
निर्माण में तकनीकी खामियों का आलम यह है कि सड़क के एक ओर नहर और दूसरी ओर लगभग 100 एकड़ कृषि भूमि होने के बावजूद पानी की निकासी (Hume Pipe/Culvert) के लिए कोई उचित व्यवस्था नहीं की गई है। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि वेदप्रकाश ने बताया कि अनिल बिल्डकॉन द्वारा ढाई करोड़ की लागत से कराए जा रहे इस काम में ‘दोंद’ (पुलिया) नहीं बनाने से किसानों के खेतों तक नहर का पानी नहीं पहुंच पाएगा, जिससे आने वाले समय में सिंचाई का बड़ा संकट खड़ा हो सकता है।
ग्रामीणों ने एक और चौंकाने वाला खुलासा करते हुए कहा कि ठेकेदार अपनी कमियों और घटिया सामग्री को छिपाने के लिए रात के अंधेरे में निर्माण कार्य को अंजाम देता है। पार्षद धीरसिंह बंजारे सहित कई ग्रामीणों ने ठेकेदार और संबंधित विभाग के इंजीनियरों से बार-बार शिकायत की, लेकिन उनकी चेतावनियों को अनसुना कर दिया गया। फिलहाल, ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर जांच और सड़क की गुणवत्ता में सुधार की मांग की है।
