Summer Special: भीषण गर्मी और लू का काल है ‘कर्ड राइस’, साउथ इंडियन स्टाइल में ऐसे बनाएं यह कूलिंग डिश…NV News
Share this
NV News- उत्तर भारत समेत पूरे देश में पारा लगातार बढ़ रहा है। भीषण गर्मी और लू (Loo) के इस मौसम में शरीर को अंदर से ठंडा रखना सबसे बड़ी चुनौती है। ऐसे में दक्षिण भारत की मशहूर डिश ‘कर्ड राइस’ (Curd Rice) एक बेहतरीन सुपरफूड साबित हो सकती है। यह न केवल पेट को ठंडक पहुँचाता है, बल्कि प्रोबायोटिक्स से भरपूर होने के कारण आंतों के स्वास्थ्य (Gut Health) के लिए भी रामबाण है। आज हम आपको बता रहे हैं साउथ इंडियन स्टाइल में तड़के वाला दही-चावल बनाने की बेहद आसान और क्विक रेसिपी।
कर्ड राइस बनाने के लिए सबसे पहले अच्छी तरह पके हुए (मैश किए हुए) चावल लें। इसमें ताजा और गाढ़ा दही मिलाएं। स्वाद बढ़ाने के लिए थोड़ा सा दूध भी डाला जा सकता है, जिससे चावल लंबे समय तक खट्टे नहीं होते। अब इसमें बारीक कटी अदरक, हरी मिर्च और नमक मिलाएं। साउथ इंडियन टच देने के लिए इसमें अनार के दाने या कद्दूकस किया हुआ खीरा भी डाल सकते हैं, जो इसे और भी हाइड्रेटिंग और पौष्टिक बनाता है।
इस डिश की असली जान इसका स्पेशल तड़का है। एक छोटे पैन में तेल गरम करें, उसमें राई (सरसों के दाने), उड़द दाल, सूखी लाल मिर्च, करी पत्ता और चुटकी भर हींग डालें। जब दाल सुनहरी हो जाए, तो इस तड़के को दही-चावल के ऊपर डालें। यह हल्का और सुपाच्य भोजन लू के प्रभाव को कम करने में मदद करता है और डिहाइड्रेशन से बचाता है। दोपहर के लंच के लिए यह एक परफेक्ट ऑप्शन है जो आपको दिनभर एनर्जेटिक और कूल रखेगा।
