Today News- तेंदुए को फंदे में फंसाकर कुल्हाड़ी से उतारा मौत के घाट, मांस पकाकर खाया; खाल बेचने की फिराक में थे 5 गिरफ्तार…NV News

Share this

NV News- दंतेवाड़ा जिले के किरंदुल वन परिक्षेत्र में शिकार और क्रूरता की एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ कुछ शिकारियों ने एक तेंदुए को लोहे के तार के फंदे में फंसाया और फिर कुल्हाड़ी से उसके सिर पर वार कर उसे बेरहमी से मार डाला। वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से तेंदुए की खाल, नाखून और शिकार में इस्तेमाल किए गए औजार बरामद किए गए हैं।

दंतेवाड़ा वन विभाग की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने न केवल तेंदुए का शिकार किया, बल्कि उसके मांस को पकाकर खा भी लिया। पकड़े गए आरोपी तेंदुए की खाल को अंतरराष्ट्रीय बाजार में बेचने की फिराक में थे और ग्राहक की तलाश कर रहे थे। मुखबिर की सूचना पर वन अमले ने घेराबंदी कर इन तस्करों को दबोचा। पकड़े गए आरोपियों में स्थानीय ग्रामीण शामिल हैं, जो लंबे समय से वन्यजीवों के अवैध शिकार में संलिप्त होने के संदेह में थे।

दंतेवाड़ा की इस घटना ने वन्यजीव प्रेमियों और वन विभाग को हिलाकर रख दिया है। आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है। विभाग अब यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि इस गिरोह के तार किन बड़े तस्करों से जुड़े हैं। वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए दंतेवाड़ा के संवेदनशील वन क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी गई है और ग्रामीणों को वन्यजीवों के महत्व के प्रति जागरूक करने का अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है।

Share this

You may have missed