Swachh Survekshan 2026: स्वच्छ सर्वेक्षण की तैयारी तेज, स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष ने दिए बारिश से पहले नालों की ‘तले तक’ सफाई के निर्देश…NV News
Share this
रायपुर: नगर पालिक निगम रायपुर में ‘स्वच्छ सर्वेक्षण 2026’ की तैयारियों और मानसून पूर्व जल निकासी की व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए कवायद शुरू हो गई है। महापौर श्रीमती मीनल चौबे के निर्देश पर नगर निगम स्वास्थ्य विभाग की अध्यक्ष श्रीमती गायत्री सुनील चंद्राकर ने जोन 1 कार्यालय में विभाग की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली। बैठक में आगामी बारिश के मौसम को देखते हुए शहरवासियों को जलभराव की समस्या से निजात दिलाने और स्वच्छता रैंकिंग में सुधार के लिए कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए।
बैठक के दौरान जोन 1 के अध्यक्ष श्री गज्जू साहू, एमआईसी सदस्य श्री नंदकिशोर साहू, जोन कमिश्नर श्री अंशुल शर्मा और सीनियर जोन स्वास्थ्य अधिकारी श्री खेमलाल देवागन की मौजूदगी में स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। अध्यक्ष श्रीमती चंद्राकर ने स्पष्ट किया कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 में रायपुर को अव्वल लाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
बैठक के मुख्य बिंदु और कड़े निर्देश:
नालों की सघन सफाई: श्रीमती चंद्राकर ने जोन कमिश्नर और स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिया है कि जोन 1 के सभी 7 वार्डों में बारिश शुरू होने से पहले ही सभी छोटे-बड़े नालों की ‘तले तक’ (Deep Cleaning) सघन सफाई सुनिश्चित की जाए।
जलभराव से मुक्ति: अभियान पूर्वक सफाई करवाने का मुख्य उद्देश्य यह है कि बारिश के दौरान किसी भी वार्ड या मोहल्ले में जल भराव (Waterlogging) की स्थिति निर्मित न हो और गंदे पानी का निकास सुगम बना रहे।
सिटी प्रोफाइल और समन्वय: स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 की पुख्ता तैयारियों के लिए सिटी प्रोफाइल के अनुसार सफाई कार्य करवाने और वार्ड पार्षदों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर काम करने पर जोर दिया गया है।
वार्डों की मॉनिटरिंग: स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि वे वार्डों में सफाई व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग करें ताकि स्वच्छता का स्तर उच्च बना रहे।
श्रीमती गायत्री सुनील चंद्राकर ने अधिकारियों को चेताया कि स्वच्छता कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि नागरिकों को बारिश के समय किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े, यह विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। बैठक में जोन 1 के पार्षदों और स्वास्थ्य विभाग के मैदानी कर्मचारियों ने भी अपनी बात रखी और क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया।
