रायपुर एमआईसी बैठक में बड़े फैसले: 2026–27 बजट प्रस्ताव सामान्य सभा में जाएगा, पेंशन योजनाओं और विकास कार्यों को मंजूरी…NV News

Share this

रायपुर नगर पालिक निगम की मेयर इन काउंसिल (एमआईसी) की बैठक महापौर श्रीमती मीनल चौबे की अध्यक्षता में नगर निगम मुख्यालय महात्मा गांधी सदन में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े एजेंडों पर चर्चा कर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए और आवश्यक निर्देश जारी किए गए।

बैठक में एमआईसी ने वित्त वर्ष 2026–27 के बजट प्रस्तावों की अनुशंसा करते हुए उन्हें चर्चा के लिए नगर निगम की सामान्य सभा में रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मामलों में 84 नए निराश्रित पेंशन प्रकरण और 24 राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के मामलों को सर्वसम्मति से स्वीकृति दी गई।

विकास कार्यों के तहत नगरोत्थान योजना के अंतर्गत शहर के 18 प्रमुख रोड जंक्शनों के विकास कार्य को मंजूरी दी गई। इसके लिए निविदा प्रक्रिया के तहत मेसर्स रायपुर कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई। वहीं लाभांडी से छोकरा नाला तक नाला निर्माण कार्य के लिए भी निविदा प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।

बैठक में मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के तहत वर्ष 2016 में खालसा स्कूल के सामने से हटाए गए 69 दुकानदारों के पुनर्व्यवस्थापन के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। एमआईसी ने इस प्रस्ताव को पुनर्विचार के लिए नगर निगम की सामान्य सभा के समक्ष रखने के निर्देश दिए। प्रस्ताव के अनुसार दुकानों का निर्माण कर प्रत्येक दुकानदार को निर्धारित लागत पर आवंटित किया जाएगा।

इसके अलावा रायपुर में शहीद मेजर यशवंत गोविंद गोरे और मेजर सत्य प्रदीप दत्ता की प्रतिमाएं स्थापित करने के प्रस्ताव को एमआईसी ने सर्वसम्मति से अनापत्ति स्वीकृति दी। बैठक में शहर में हरित रायपुर अभियान, स्वच्छता व्यवस्था, सड़क डामरीकरण और अन्य विकास कार्यों से जुड़े कई प्रस्तावों पर भी चर्चा कर निर्णय लिए गए।

Share this