भाठागांव-दतरेंगा रोड निर्माण में देरी पर महापौर सख्त: ठेकेदार को मिला 3 दिन का अल्टीमेटम, होगी दंडात्मक कार्रवाई…NV News

Share this

रायपुर। राजधानी के भाठागांव चौक से दतरेंगा मोड़ तक बन रही ‘इको फ्रेंडली’ सड़क के निर्माण में हो रहे अत्यधिक विलंब को लेकर नगर पालिक निगम रायपुर की महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की है। महापौर के कड़े रुख के बाद निगम प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है। कार्यपालन अभियंता ने संबंधित निर्माण एजेंसी मेसर्स नरेश एंड कंपनी को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए आगामी 3 दिनों के भीतर डामरीकरण कार्य अनिवार्य रूप से शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

नगर निगम द्वारा यह सड़क निर्माण 15वें वित्त आयोग की मद से कराया जा रहा है। महापौर ने स्पष्ट किया है कि निर्माण कार्य में ढिलाई के कारण न केवल परियोजना की प्रगति बाधित हो रही है, बल्कि धूल और खराब सड़क की वजह से आम जनता और जनप्रतिनिधियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। बार-बार निर्देश दिए जाने के बावजूद ठेकेदार द्वारा कार्य में गति नहीं लाना बेहद खेदजनक है, जिससे नगर निगम की छवि धूमिल हो रही है।

नोटिस में उल्लेख किया गया है कि इस मार्ग पर यातायात का भारी दबाव रहता है, ऐसे में डामरीकरण में देरी सुरक्षा के लिहाज से भी खतरनाक है। इससे पहले 18 फरवरी 2026 को भी एजेंसी को कार्य में तेजी लाने और सुरक्षा मानक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे, जिनका पालन नहीं किया गया। अब प्रशासन ने अंतिम चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि 3 दिनों में काम शुरू नहीं हुआ, तो अनुबंध की शर्तों के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

कार्यपालन अभियंता ने चेतावनी दी है कि समय-सीमा के भीतर डामरीकरण प्रारंभ न होने की स्थिति में अनुबंध की कंडिका 2 एवं 3 के प्रावधानों के तहत दंडात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए पूरी तरह से ठेकेदार एजेंसी जिम्मेदार होगी। इस सख्ती के बाद अब क्षेत्र के निवासियों को जल्द ही जर्जर सड़क और उड़ती धूल से राहत मिलने की उम्मीद जगी है।

Share this

You may have missed