रायपुर: मौदहापारा संडे बाजार में ‘टीम प्रहरी’ का एक्शन; 40 फेरीवालों को हटाकर सड़क को किया गया अतिक्रमण मुक्त…NV News
Share this
Raipur: रायपुर पुलिस कमिश्नर और जिला कलेक्टर के आदेशानुसार, आज नगर निगम और पुलिस प्रशासन की संयुक्त ‘टीम प्रहरी’ ने मौदहापारा संडे बाजार मुख्य मार्ग पर व्यापक अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान जयराम कॉम्प्लेक्स के पीछे की दो गलियों में अवैध रूप से कब्जा जमाकर व्यापार कर रहे लगभग 40 फेरीवालों को हटाया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बार-बार समझाइश के बावजूद सड़क बाधित करने वालों के खिलाफ अब सख्ती बरती जा रही है ताकि राजधानी की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाया जा सके।
नगर निगम जोन-2 के अधिकारियों ने बताया कि गुजराती मोहल्ले के इन फेरीवालों को निर्धारित ‘सफेद लाइन’ के भीतर (के.के. रोड, मस्जिद से महावीर गौशाला तक) बैठने के निर्देश थे, लेकिन स्थान की कमी का हवाला देकर वे गलियों में अनाधिकृत कब्जा कर रहे थे। कार्रवाई के दौरान सभी फेरीवालों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे अपनी फोटो आईडी मौदहापारा थाने में जमा करें और नगर निगम मुख्यालय या जोन कार्यालय जाकर अपनी जगह के आवंटन हेतु चर्चा करें। चेतावनी दी गई है कि दोबारा सड़क बाधित करने पर सामानों की जब्ती की जाएगी।
इस जनहितकारी अभियान से मौदहापारा संडे बाजार क्षेत्र में वर्षों से चली आ रही जाम की समस्या से आम जनता को बड़ी राहत मिली है। नगर निवेश विभाग की उड़नदस्ता टीम और यातायात पुलिस के समन्वय से अब मार्ग पूरी तरह सुव्यवस्थित हो गया है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि ‘टीम प्रहरी’ का यह अभियान निरंतर जारी रहेगा ताकि शहर के मुख्य मार्गों पर सुचारू यातायात सुनिश्चित किया जा सके और राहगीरों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
