छत्तीसगढ़: भाजपा नेता को जिंदा जलाने की साजिश! घर के दरवाजे पर पेट्रोल डालकर लगाई आग; सोता रहा परिवार, बाल-बाल बची जान….NV News
Share this
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM)। छत्तीसगढ़ के जीपीएम जिले में भाजपा नेता बृजलाल राठौर और उनके परिवार को निशाना बनाने की एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। बीती रात अज्ञात बदमाशों ने भाजपा नेता के घर के मुख्य दरवाजे पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। घटना के वक्त पूरा परिवार घर के भीतर सो रहा था। गनीमत रही कि समय रहते आग की लपटों को देख लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और भाजपा नेता का परिवार बाल-बाल बच गया।
सीसीटीवी में कैद हुई करतूत:
पेंड्रा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इस इलाके में हुई यह घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि एक संदिग्ध युवक हाथ में पेट्रोल की बोतल लिए घर के पास आता है और दरवाजे पर छिड़ककर आग लगा देता है। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही देर में मुख्य दरवाजा जलने लगा। धुएं और तपिश के कारण परिवार की नींद खुली और उन्होंने शोर मचाकर पड़ोसियों की मदद से आग पर काबू पाया।
भाजपा खेमे में आक्रोश, पुलिस की जांच शुरू:
इस घटना के बाद जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है। भाजपा नेता बृजलाल राठौर का कहना है कि यह उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की सोची-समझी साजिश थी। सूचना मिलने पर पेंड्रा पुलिस की टीम मौके पर पहुँची और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स के साथ साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया है और आरोपी की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि यह मामला आपसी रंजिश का है या इसके पीछे कोई राजनीतिक कारण है, इसकी हर पहलू से जांच की जा रही है।
