होली के रंग, मुख्यमंत्री के संग: सीएम विष्णु देव साय ने निवास पर फाग गीतों के बीच मनाया रंगोत्सव; प्रदेशवासियों को दी बधाई…NV News

Share this

रायपुर: मुख्यमंत्री निवास आज ‘सियान-जवान’ के उल्लास और पारंपरिक फाग गीतों की गूँज से सराबोर रहा। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने अपने निवास कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ पूरे उत्साह और उमंग के साथ होली का पावन पर्व मनाया। इस अवसर पर पूरा माहौल गुलाल और खुशियों के रंगों में रंगा नजर आया। मुख्यमंत्री ने न केवल सभी को तिलक लगाकर बधाई दी, बल्कि अधिकारियों-कर्मचारियों ने भी आत्मीयता के साथ अपने मुखिया को गुलाल लगाकर इस त्यौहार की खुशियाँ साझा कीं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने इस मिलन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि होली केवल रंगों का खेल नहीं, बल्कि यह आपसी प्रेम, सद्भाव और सामाजिक समरसता का महान प्रतीक है। उन्होंने जोर देकर कहा कि ऐसे पर्व समाज में एकता और सकारात्मकता की भावना को सुदृढ़ करते हैं और हमें पुराने मतभेद भुलाकर साथ मिलकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। मुख्यमंत्री ने भावुक होते हुए कहा कि प्रदेशवासियों और सहयोगियों के साथ स्नेह एवं अपनत्व के ये रंग साझा करना उनके लिए अत्यंत सुखद अनुभव है, जो उन्हें जनसेवा के संकल्प में और अधिक शक्ति प्रदान करता है।

इस भव्य होली मिलन कार्यक्रम में प्रशासनिक अमले के दिग्गज भी मौजूद रहे, जिनमें मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह, डीजीपी श्री अरुण देव गौतम, एडीजी श्री अमित कुमार और रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला प्रमुख थे। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से प्रार्थना की कि यह रंगोत्सव छत्तीसगढ़ के हर घर में सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य लेकर आए और राज्य विकास के नित नए आयाम स्थापित करे। अंत में मुख्यमंत्री ने सभी को मिठाई खिलाकर भाईचारे का संदेश दिया।

Share this

You may have missed