रायपुर में ‘टीम प्रहरी’ का बड़ा एक्शन: लालपुर में 20 हजार वर्गफीट सरकारी भूमि से हटा अवैध कब्जा; 3 दिन चली कार्रवाई में 10 दुकानें और 30 कमरे ध्वस्त…NV News
Share this
राजधानी रायपुर के लालपुर क्षेत्र में शासकीय कोटवारी भूमि पर भू-माफियाओं और अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ प्रशासन का ‘हंटर’ चला है। ‘टीम प्रहरी’ अभियान के तहत लगातार तीन दिनों तक चली व्यापक कार्रवाई के बाद आज लगभग 20 हजार वर्गफीट सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त करा लिया गया। रायपुर जिला प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने इस अवैध निर्माण के 100 प्रतिशत हिस्से को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है।
भारी लाव-लश्कर के साथ कार्रवाई: जेसीबी और पोकलेन का चला पंजा
रायपुर महापौर श्रीमती मीनल चौबे, पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला और कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के आदेशानुसार इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। एसडीएम श्री नन्द कुमार चौबे के मार्गदर्शन में राजस्व और निगम की टीम ने स्थल का सीमांकन करने के बाद ध्वस्तीकरण शुरू किया। इस अभियान में:
6 जेसीबी और 2 पोकलेन मशीनों का उपयोग किया गया।
10 डम्पर और बड़ी संख्या में मजदूरों की मदद ली गई।
लगभग 10 बड़ी दुकानें और 30 बड़े कमरों के अवैध ढांचे को मलबे में तब्दील कर दिया गया।
महापौर की चेतावनी: अवैध निर्माण करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने इस कार्रवाई को शहर के अवैध कब्जाधारियों के लिए एक स्पष्ट और कड़ी चेतावनी बताया है। उन्होंने कहा कि राजधानी में जहाँ भी सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण या अतिक्रमण पाया जाएगा, वहां शासन के अधिनियमों के तहत इसी तरह की कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान न केवल लालपुर बल्कि नगर निगम के अन्य क्षेत्रों में भी निरंतर जारी रहेगा।
प्रशासनिक तालमेल से मिली सफलता
इस व्यापक अभियान को सफल बनाने में नगर निगम आयुक्त श्री विश्वदीप, जोन 10 कमिश्नर विवेकानंद दुबे, नायब तहसीलदार सुश्री ज्योति सिंह और नगर निवेश विभाग के उड़न दस्ते ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस प्रशासन की मौजूदगी के कारण कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था की स्थिति नियंत्रण में रही। राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर ही भूमि का सीमांकन कर अवैध हिस्से की पहचान की, जिससे कार्रवाई पारदर्शी और सटीक रही।
