बीजापुर: माओवादियों की बड़ी साजिश नाकाम, सर्चिंग के दौरान विस्फोटक डंप और घातक IED बरामद…NV News
Share this
बीजापुर: छत्तीसगढ़ के दक्षिण बस्तर स्थित बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के एक बड़े मंसूबे को ध्वस्त कर दिया है। ‘एरिया डोमिनेशन’ और सर्चिंग ऑपरेशन के दौरान जवानों ने माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए विस्फोटक सामग्री के डंप और कई शक्तिशाली आईईडी (IED) बरामद किए हैं। इस कार्रवाई से सुरक्षा बलों को निशाना बनाने की नक्सलियों की योजना विफल हो गई है।
जानकारी के अनुसार, बीजापुर के भोपालपट्टनम और कोंडापल्ली के सरहदी जंगलों में सीआरपीएफ (CRPF) और जिला पुलिस बल की संयुक्त टीम गश्त पर निकली थी। इसी दौरान जवानों को झाड़ियों और जमीन के नीचे दबा हुआ संदिग्ध सामान मिला। जांच करने पर वहां से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, बिजली के तार, जिलेटिन स्टिक्स और माओवादी साहित्य बरामद किया गया। सुरक्षा बलों ने मौके से दो शक्तिशाली आईईडी भी बरामद किए, जिन्हें नक्सलियों ने जवानों को नुकसान पहुँचाने के लिए मुख्य रास्तों पर प्लांट करने की तैयारी में रखा था।
बम निरोधक दस्ते (BDS) ने बिना देरी किए बरामद आईईडी को जंगल में ही सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि बरामद सामग्री की मात्रा को देखते हुए यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि नक्सली किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। हाल के दिनों में सुरक्षा बलों के बढ़ते दबाव के कारण नक्सली बैकफुट पर हैं और बौखलाहट में इस तरह की साजिशें रच रहे हैं।
बीजापुर एसपी ने बताया कि नक्सलियों के खिलाफ यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। बस्तर संभाग में ‘नियद नेल्लानार’ योजना और नए सुरक्षा कैंपों की स्थापना के बाद नक्सलियों का सप्लाई नेटवर्क कमजोर हुआ है, जिसके कारण वे अब विस्फोटक डंप कर भागने को मजबूर हैं। क्षेत्र में अभी भी सर्चिंग तेज कर दी गई है ताकि छिपे हुए अन्य विस्फोटकों का पता लगाया जा सके।
