स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26: रायपुर जोन 5 में सफाई व्यवस्था पर सख्ती, जोन अध्यक्ष ने रामकी कंपनी को दी चेतावनी…NV News
Share this
नगर पालिक निगम रायपुर की महापौर श्रीमती मीनल चौबे के निर्देशानुसार, जोन 5 के अध्यक्ष श्री अम्बर अग्रवाल ने आज जोन कार्यालय में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली। इस बैठक में जोन कमिश्नर श्री खीरसागर नायक, स्वास्थ्य अधिकारी और अनुबंधित सफाई एजेंसी रामकी कंपनी के सीनियर मैनेजर सहित वार्ड सुपरवाइजर मौजूद रहे। बैठक का मुख्य एजेंडा आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 के लिए प्रशासनिक तैयारियों को पुख्ता करना और क्षेत्र की स्वच्छता रैंकिंग में सुधार लाना था। जोन अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि शहर को स्वच्छ बनाने में जोन 5 की सक्रिय सहभागिता अनिवार्य है।
समीक्षा के दौरान जोन अध्यक्ष और कमिश्नर ने डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन व्यवस्था में ढिलाई को लेकर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। अधिकारियों ने पाया कि रामकी कंपनी की गाड़ियां निर्धारित समय (सुबह 6:30 बजे) पर कार्यक्षेत्र में नहीं पहुँच रही हैं, जिसके कारण कई गलियों और व्यावसायिक क्षेत्रों में कचरा इकट्ठा नहीं हो पा रहा है। कंपनी के मैनेजरों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि सभी वार्डों की हर गली में गाड़ियों की पहुँच सुनिश्चित की जाए और कचरा संग्रहण का कार्य शत-प्रतिशत पूरा किया जाए। निगरानी के लिए स्वास्थ्य निरीक्षकों को सतत मॉनिटरिंग करने के आदेश दिए गए हैं।
बैठक में ‘सोर्स सेग्रिगेशन’ यानी कचरे को अलग-अलग करने पर भी जोर दिया गया। रामकी कंपनी और निगम के स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया गया है कि वे पार्षदों के नेतृत्व में जनजागरण अभियान चलाएं। इसके तहत दुकानदारों और भवन स्वामियों को घरों व दुकानों में दो-दो डस्टबिन (नीला और हरा) रखने के लिए प्रेरित किया जाएगा, ताकि सूखा और गीला कचरा पृथक-पृथक संग्रह किया जा सके। जोन अध्यक्ष अम्बर अग्रवाल ने कहा कि यदि सफाई व्यवस्था में तत्काल सुधार नहीं हुआ, तो संबंधित एजेंसी पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
