हत्याकांड: हत्या के आरोप में फंसे SDM करुण डहरिया निलंबित, सरकार ने दिखाई सख्त तेवर…NV News
Share this
रायपुर/बलरामपुर | छत्तीसगढ़ सरकार ने बलरामपुर जिले के कुसमी में हुए आदिवासी किसान हत्याकांड मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए आरोपी एसडीएम करुण डहरिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पुलिस द्वारा हत्या (धारा 302 IPC/103 BNS) के मामले में गिरफ्तारी के बाद सामान्य प्रशासन विभाग ने निलंबन का आदेश जारी किया। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत की गई है।
क्या है पूरा घटनाक्रम?
यह मामला बॉक्साइट के अवैध उत्खनन की जांच से शुरू हुआ था। आरोप है कि एसडीएम करुण डहरिया और उनके सहयोगियों ने रात के समय ग्रामीणों के साथ बर्बरतापूर्ण मारपीट की।
किसान की मौत: इस पिटाई में 62 वर्षीय किसान रामनरेश की जान चली गई।
FIR और गिरफ्तारी: ग्रामीणों के भारी विरोध और प्राथमिक जांच के बाद पुलिस ने एसडीएम सहित उनके तीन अन्य सहयोगियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।
निलंबन का आधार
नियमों के अनुसार, यदि कोई सरकारी अधिकारी 48 घंटे से अधिक समय तक पुलिस हिरासत या जेल में रहता है, तो उसे स्वतः निलंबित माना जाता है। हालांकि, मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य शासन ने त्वरित आदेश जारी कर संदेश दिया है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय कमिश्नर कार्यालय निर्धारित किया गया है।
राजनीतिक और सामाजिक दबाव
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और आदिवासी समाज के कड़े विरोध के बाद यह मामला राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आ गया था। ग्रामीणों ने कुसमी में चक्काजाम कर आरोपी अधिकारी को बर्खास्त करने की मांग की थी। प्रशासन ने फिलहाल मृतक के परिवार को सहायता और निष्पक्ष न्यायिक जांच का भरोसा दिलाया है।
