रायपुर: जल संकट से निपटने एक्शन प्लान तैयार! सभापति के निर्देश- सुबह-शाम 6 बजे फील्ड में उतरें अधिकारी, अवैध कनेक्शन कटेंगे…NV News

Share this

रायपुर। राजधानी रायपुर में गर्मी के मौसम में पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए नगर पालिक निगम प्रशासन ने अभी से कमर कस ली है। आज नगर निगम मुख्यालय ‘महात्मा गांधी सदन’ में सभापति श्री सूर्यकांत राठौड़ ने जलकार्य विभाग के अध्यक्ष श्री संतोष सीमा साहू की मौजूदगी में नवगठित जलबोर्ड के अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक ली। सभापति ने स्पष्ट किया कि पेयजल आपूर्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अधिकारी एसी कमरों से बाहर निकलकर पसीना बहाएं

सभापति श्री राठौड़ ने जलबोर्ड के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे केवल दफ्तर में न बैठें, बल्कि प्रतिदिन सुबह 6 बजे और शाम 6 बजे एक घंटे अनिवार्य रूप से फील्ड में रहें। अधिकारी जोन अमले के साथ मिलकर पाइपलाइनों का सर्वे करें और पानी की किल्लत वाले क्षेत्रों में तत्काल निदान सुनिश्चित करें।

बैठक में दिए गए प्रमुख निर्देश:

46 टंकियों की मॉनिटरिंग: शहर की सभी 46 पानी टंकियों और जलागारों को प्रतिदिन सुबह-शाम पूरा भरा जाए, ताकि नागरिकों को पर्याप्त प्रेशर से पानी मिल सके।

अवैध कनेक्शन पर वार: पूरे शहर में अभियान चलाकर अवैध नल कनेक्शनों को विच्छेद किया जाए और उनका नियमितीकरण कर उन्हें कर (Tax) के दायरे में लाया जाए।

नालियों से शिफ्ट होगी पाइपलाइन: गंदे पानी की समस्या दूर करने के लिए नालियों से गुजर रही पाइपलाइनों को तत्काल चिन्हित कर उन्हें शिफ्ट करने का कार्य प्राथमिकता पर होगा।

वाहन मरम्मत: जल विभाग और जोनों के खराब पड़े टैंकरों व हाइड्रोलिक वाहनों की मरम्मत डेढ़ महीने के भीतर कराने के निर्देश दिए गए हैं।

समस्याग्रस्त क्षेत्रों का होगा दौरा

सभापति ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पिछले वर्ष जिन क्षेत्रों में पानी की समस्या सबसे अधिक थी, वहां अभी से स्थल भ्रमण कर तकनीकी सुधार किए जाएं। पार्षदों के साथ समन्वय बनाकर वार्डों की पेयजल समस्याओं का त्वरित निराकरण करने का सुझाव भी दिया गया। बैठक में अधीक्षण अभियंता श्री राजेश राठौर, कार्यपालन अभियंता श्री नरसिंग फरेन्द्र सहित जल बोर्ड के सभी प्रमुख अभियंता उपस्थित थे।

Share this

You may have missed