PDS rice crisis: वेयरहाउस में चावल सड़ने से तीन जिलों की PDS व्यवस्था ठप, गरीबों का राशन अटका
Share this
दंतेवाड़ा। गीदम स्थित वेयरहाउस में बड़ी मात्रा में चावल खराब हो जाने से सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) गंभीर संकट में आ गई है। हालात ऐसे बन गए हैं कि सुकमा, बीजापुर और दंतेवाड़ा जिलों में जनवरी माह का चावल अब तक हितग्राहियों को वितरित नहीं किया जा सका।
जानकारी के मुताबिक, तीनों जिलों में चावल का भंडारण बेहद नाजुक स्थिति में पहुंच चुका है। कई इलाकों में पहले ही कीड़े लगे और खराब गुणवत्ता वाले चावल बांटे जाने की शिकायतें सामने आ चुकी थीं, जिससे हितग्राहियों में भारी नाराजगी है।
जांच के दौरान यह बात उजागर हुई है कि चावल के भंडारण और रखरखाव में संबंधित अधिकारियों ने गंभीर लापरवाही बरती। जिम्मेदारी तय होने के बावजूद अब तक दोषियों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है।
बीजापुर और सुकमा जिलों में चावल का स्टॉक लगभग समाप्ति की कगार पर है, जबकि दंतेवाड़ा जिले की कई राशन दुकानों तक अब तक चावल की आपूर्ति नहीं पहुंच सकी है। इससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थिति यह है कि फरवरी माह के राशन वितरण की तैयारी भी प्रभावित हो गई है। प्रशासनिक लापरवाही का सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है। अब इस पूरे मामले को लेकर शासन स्तर पर तत्काल हस्तक्षेप और त्वरित निर्णय की मांग तेज हो गई है।
