Naxal Operation: नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बोले – अब हिंसा नहीं, शांति ही विकल्प

Share this

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि विश्वास, विकास और सुरक्षा ही अब बस्तर की नई पहचान बन चुकी है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बस्तर में हिंसा का दौर समाप्ति की ओर है और अब शांति ही एकमात्र विकल्प रह गया है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने बताया कि बस्तर रेंज के बीजापुर और सुकमा जिलों में सुरक्षा बलों द्वारा चलाए गए नक्सल विरोधी अभियानों में निर्णायक सफलता हासिल हुई है। इन अभियानों के दौरान 14 माओवादियों को न्यूट्रलाइज़ किया गया है, जिससे माओवादी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरक्षा बलों की सटीक रणनीति, निरंतर दबाव और मजबूत जमीनी पकड़ के कारण माओवादी संगठन तेजी से कमजोर हो रहा है। उन्होंने कहा कि बस्तर अब विकास के नए युग में प्रवेश कर चुका है, जहाँ निवेश, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसर लगातार बढ़ रहे हैं।

श्री साय ने कहा कि यह सकारात्मक परिवर्तन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व, सुरक्षा बलों की अदम्य वीरता एवं प्रतिबद्धता, प्रभावी पुनर्वास नीति और बस्तर की जनता के अटूट विश्वास का परिणाम है।

मुख्यमंत्री ने अभियान में शामिल सभी जवानों के शौर्य और साहस को नमन करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि जो लोग अब भी हिंसा का रास्ता अपनाए हुए हैं, वे आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा से जुड़ें, सरकार की पुनर्वास नीति का लाभ उठाएँ और सम्मानपूर्वक जीवन व्यतीत करें। अन्यथा राज्य शासन और सुरक्षा बल कानून एवं संविधान के तहत अपने कर्तव्यों के निर्वहन के लिए पूरी तरह सक्षम और प्रतिबद्ध हैं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद की अंधेरी रात अब अपने अंतिम चरण में है और बस्तर में शांति, विश्वास और विकास का स्थायी सूर्योदय सुनिश्चित है।

Share this

You may have missed