Crime News: नकली नोट छापने वाले दंपति का भंडाफोड़, घर से मशीन और लाखों के जाली नोट जब्त
Share this
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली नोट छापकर बाजार में खपाने वाले पति–पत्नी को गिरफ्तार किया है। आरोपी अपने ही घर में नकली नोट तैयार करते थे और साप्ताहिक बाजारों में इन्हें चलाते थे। पुलिस ने उनके कब्जे से नकली नोट छापने की मशीन, कागज और भारी मात्रा में जाली नोट जब्त किए हैं।
पुलिस को 29 दिसंबर को थाना रानीतराई क्षेत्र के साप्ताहिक बाजार में नकली नोट चलने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच के दौरान अरुण कुमार तुरंग और उसकी पत्नी राखी तुरंग को नकली नोट चलाते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।
शिकायतकर्ता तुलेश्वर सोनकर (40 वर्ष), निवासी ग्राम सिलपट, धमतरी ने बताया कि वह अपनी पत्नी सरिता सोनकर के साथ ग्राम रानीतराई के साप्ताहिक बाजार में सब्जी बेचने आया था। शाम करीब 5:30 बजे एक पुरुष और महिला ने 60 रुपये की सब्जी खरीदी और बदले में 500 रुपये का नोट दिया। बाकी पैसे लौटाने के बाद नोट को गल्ले में रख लिया गया।
कुछ देर बाद मंडी में व्यापार कर रहे माधव सोनकर ने व्यापारियों को बाजार में नकली नोट चलने की जानकारी दी। इसके बाद जब तुलेश्वर ने अपने गल्ले की जांच की तो नोट छूने पर नकली प्रतीत हुआ। जांच में सामने आया कि आरोपी पूरे बाजार में इसी तरह नकली नोट खपा चुके थे।
पीड़ितों की शिकायत पर थाना रानीतराई में अपराध क्रमांक 123/2025 के तहत धारा 178, 179, 180, 181 एवं 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पूछताछ में आरोपी अरुण तुरंग ने नकली नोट छापने और बाजार में चलाने की बात स्वीकार की।
आरोपी ने बताया कि उसने ऑनलाइन कलर प्रिंटर, फोटो कॉपी मशीन और पेपर मंगाया था। 500 रुपये के नोट की फोटो कॉपी कर नकली नोट तैयार किए और उन्हें काटकर पहले पाटन बाजार और फिर रानीतराई के साप्ताहिक बाजार में चलाया। आरोपी 5200 रुपये के नकली नोट लेकर बाजार पहुंचा था।
पुलिस ने आरोपी के निवास ग्राम सोनपैरी, मुजगहन, रायपुर में तलाशी ली, जहां से फोटो कॉपी मशीन, कागज और 1,65,300 रुपये के नकली नोट बरामद किए गए। मौके से जब्त 5200 रुपये मिलाकर कुल 1,70,500 रुपये (500, 200 और 100 रुपये के नकली नोट) पुलिस ने जब्त किए हैं।
फिलहाल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की जांच की जा रही है।
आरोपी विवरण
1. अरुण तुरंग – उम्र 50 वर्ष
2. राखी तुरंग – उम्र 40 वर्ष
निवासी – ग्राम सोनपैरी, मुजगहन, रायपुर
