Crime News: मामूली विवाद बना खूनी संघर्ष, युवक की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या, 3 नाबालिग समेत 7 गिरफ्तार

Share this

बलौदाबाजार-भाटापारा। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में दिल दहला देने वाली हत्या की वारदात सामने आई है। यहां मामूली विवाद के बाद सात आरोपियों ने एक युवक को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा और चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में 3 नाबालिगों समेत कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना 28 दिसंबर की रात ग्राम सेमरिया की है, जहां जयंती कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम देखने मृतक परमेश्वर यदू अपने दोस्तों के साथ गया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब वह रात में घर लौट रहा था, तभी गली में बैठे कुछ युवक गाली-गलौज कर रहे थे। मृतक पक्ष द्वारा मना करने पर आरोपियों ने “तुम लोग कौन होते हो” कहते हुए हाथ-मुक्कों और चाकू से प्राणघातक हमला कर दिया।

हमले में परमेश्वर यदू को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसे तत्काल शासकीय अस्पताल भाटापारा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मामले में थाना भाटापारा ग्रामीण में अपराध क्रमांक 798/2025 धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और गवाहों के बयान के आधार पर 3 विधि से संघर्षरत बालकों समेत कुल 7 आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में सभी आरोपियों ने एक राय होकर मारपीट और चाकू से हमला करने की बात स्वीकार की, जिससे परमेश्वर यदू की मौत हो गई।

पुलिस ने सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

 

गिरफ्तार आरोपी:

1. बहाल दास बंजारे (18 वर्ष), निवासी ग्राम बिजराडीह

2. धनेश चेलक (20 वर्ष), निवासी ग्राम बिजराडीह

3. धनराज बघेल (18 वर्ष), निवासी ग्राम बिजराडीह

4. टिकेश्वर बांधे (18 वर्ष), निवासी ग्राम गाडाडीह

5. 03 विधि से संघर्षरत बालक

Share this