Crime News: नारियल के भूसे में छिपाकर की जा रही थी गांजा तस्करी, पुलिस ने 6 करोड़ का माल पकड़ा

Share this

बलरामपुर-रामानुजगंज। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 6 करोड़ रुपये मूल्य का गांजा जब्त किया है। तस्कर ओडिशा से गांजा लोड कर राजस्थान ले जा रहे थे, जिसे नारियल के भूसे के अंदर छिपाकर रखा गया था।

पुलिस को 28 दिसंबर की देर रात मुखबिर से सूचना मिली कि उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ की सरहद स्थित धनवार बॉर्डर के रास्ते एक टाटा ट्रक में गांजा तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर थाना बसंतपुर पुलिस ने चेक पोस्ट पर घेराबंदी कर टाटा ट्रक क्रमांक RJ 32 GE 0960 को रोका।

पूछताछ के दौरान चालक और उसके साथ मौजूद दो अन्य व्यक्ति संदिग्ध पाए गए। जब पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली तो नारियल के भूसे के अंदर 40 पैकेट में भरा कुल 1198.460 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 5 करोड़ 99 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस ने ट्रक को भी जब्त कर लिया है। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी) (ii) (सी) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

 

गिरफ्तार आरोपी:

1. अम्रीश कुमार पिता संतलाल, उम्र 23 वर्ष, निवासी पुरे पहलवान शेरशाह समरौता, थाना महाराजगंज, जिला रायबरेली (उ.प्र.)

2. अम्बरीश कुमार पटेल पिता जगदेव प्रसाद पटेल, उम्र 33 वर्ष, निवासी शाह मोहम्मद पूर्व अप्या, थाना नगराम मोहनलालगंज, लखनऊ (उ.प्र.)

3. मनीष कुमार पिता रामभवन, उम्र 20 वर्ष, निवासी मैनझर, थाना शिवरतनगंज, जिला अमेठी (उ.प्र.)

Share this

You may have missed