Government Action: युक्तियुक्तकरण आदेश की अवहेलना: ज्वाइन नहीं करने वाले 9 शिक्षकों पर गिरी गाज, जारी हुआ आरोप पत्र
Share this
बिलासपुर। शिक्षा विभाग में युक्तियुक्तकरण को लेकर चल रही खींचतान अब अनुशासनात्मक कार्रवाई के स्तर तक पहुंच गई है। शासन के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद नए पदस्थापना स्थल पर ज्वाइन नहीं करने वाले शिक्षकों के खिलाफ अब सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के निर्देश पर ऐसे शिक्षकों की सूची तैयार की गई है, जिनमें से पहले चरण में नौ शिक्षकों को औपचारिक रूप से आरोप पत्र जारी किया गया है।
जानकारी के अनुसार, शासन के आदेश के बाद भी कुल 20 शिक्षक अब तक अपनी मूल शाला में कार्यभार ग्रहण नहीं कर रहे थे। इनमें से फिलहाल नौ शिक्षकों पर कार्रवाई की गई है, जबकि शेष 11 शिक्षकों को भी जल्द ही आरोप पत्र जारी करने की तैयारी की जा रही है।
11 दिसंबर को स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने बिलासपुर जिले की समीक्षा बैठक ली थी। मंथन सभाकक्ष में आयोजित इस बैठक के दौरान युक्तियुक्तकरण की धीमी प्रगति को लेकर मंत्री ने कड़ी नाराजगी जाहिर की थी। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी विजय टांडे को फटकार भी लगाई गई थी, वहीं कोटा विकासखंड शिक्षा अधिकारी नरेंद्र मिश्रा दबाव के चलते बैठक के दौरान बेहोश हो गए थे।
मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि युक्तियुक्तकरण से जुड़े सभी लंबित मामलों का तत्काल निराकरण किया जाए और जो शिक्षक अपने मूल पदस्थापना स्थल को छोड़कर अन्य जगहों पर जमे हुए हैं, उन्हें तत्काल वापस भेजा जाए। इसके बाद विभागीय जांच में जिले के चार विकासखंडों में 20 ऐसे शिक्षक सामने आए, जिन्होंने आदेश की खुली अवहेलना की थी।
प्रशासन का मानना है कि इन शिक्षकों की मनमानी के कारण ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों में शिक्षकों की भारी कमी बनी हुई है, जिससे शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है। फिलहाल बिल्हा और मस्तूरी विकासखंड के प्राथमिक विद्यालयों में पदस्थ नौ शिक्षकों के खिलाफ आरोप पत्र जारी किए गए हैं।
इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी विजय टांडे ने कहा कि शासन के आदेशों का पालन करना हर कर्मचारी का कर्तव्य है। समय-सीमा में ज्वाइन नहीं करने वाले शिक्षकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है और बाकी मामलों की भी समीक्षा जारी है।
इन शिक्षकों को जारी हुआ आरोप पत्र
राजकुमार रात्रे – प्रा. शा. कर्रा लिमतरा (बिल्हा)
शिवकुमार सारथी – प्रा. शा. हिरीं (मस्तूरी)
उषा उपाध्याय – प्रा. शा. देवरी (मस्तूरी)
अंजू शर्मा – प्रा. शा. प्रभात चौक (बिल्हा)
मनीषा वर्मा – प्रा. शा. खमतराई (बिल्हा)
आकांक्षा पांडे – प्रा. शा. इंदिरा नगर (बिल्हा)
हर्षवर्धन सेंगर – प्रा. शा. मन्नाडोल (बिल्हा)
संतोषी शर्मा – प्रा. शा. कुटीपारा (बिल्हा)
श्वेता शर्मा – प्रा. शा. नयापारा बोदरी (बिल्हा)
