Social media influencer arrested: सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी महंगी पड़ी, महिला मंत्री और विधायक पर टिप्पणी करने वाली इन्फ्लुएंसर गिरफ्तार
Share this
अंबिकापुर। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करना एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर को भारी पड़ गया। सरगुजा जिले की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो को सीतापुर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि उन्होंने छत्तीसगढ़ की महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और सीतापुर से भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो के खिलाफ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अभद्र, झूठी और भ्रामक जानकारी प्रसारित की थी।
मामले में सीतापुर भाजपा महिला मोर्चा के पदाधिकारियों द्वारा लिखित शिकायत दी गई थी, जिसके आधार पर एक दिन पहले सीतापुर पुलिस ने नामजद एफआईआर दर्ज की थी। जांच के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को आकांक्षा टोप्पो को हिरासत में ले लिया और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
सीतापुर थाना प्रभारी अखिलेश सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ने कैबिनेट मंत्री और विधायक के खिलाफ षड्यंत्रपूर्वक झूठी और भ्रामक जानकारी सोशल मीडिया पर साझा की थी। लिखित शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, आकांक्षा टोप्पो के खिलाफ पहले से भी अन्य थानों में गलत सूचना फैलाने को लेकर शिकायतें दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
