Leopard Rescue: शिकारियों के फंदे से बचा तेंदुआ, 7 दिन से गले में फंसा था क्लच वायर

Share this

धमतरी। उदंती-सीतानदी टाइगर रिज़र्व से एक राहत भरी खबर सामने आई है। सीता नदी अभ्यारण्य के तौरेंगा बफर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कौकोड़ी में शिकारियों के फंदे में फंसे एक तेंदुए को वन अमले ने सुरक्षित बचा लिया।

झाड़ियों में तेंदुए के फंसे होने की सूचना मिलने पर गुरुवार दोपहर वन उपनिदेशक वरुण जैन के निर्देश पर तत्काल एक रेस्क्यू टीम रवाना की गई। मौके पर एसडीओ गोपाल कश्यप ने जान जोखिम में डालते हुए रस्सी के जाल की मदद से तेंदुए को काबू में किया।

रेस्क्यू के दौरान सामने आया कि तेंदुए के गले में बीते 7 दिनों से दो क्लच वायर के फंदे फंसे हुए थे, जिससे न केवल उसकी जान को खतरा था बल्कि आसपास के इलाकों में हमले की आशंका भी बनी हुई थी।

जंगल सफारी के डॉक्टर जय किशोर जडिया की टीम ने मौके पर ही तेंदुए का उपचार किया और फंदे को सुरक्षित तरीके से हटाया। समय रहते इलाज मिलने से तेंदुए की जान बच गई।

वन उपनिदेशक वरुण जैन ने बताया कि अवैध शिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। शिकारियों की सूचना देने वालों के लिए इनाम योजना भी लागू की गई है। उल्लेखनीय है कि दो दिन पहले मगरलोड क्षेत्र में एक तेंदुए का शिकार किया गया था, जिसमें आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Share this