Railway Project News: छत्तीसगढ़ में नई रेलवे लाइन को लेकर सर्वे में तेजी, 4900 करोड़ की परियोजना को बजट में मिली मंजूरी
Share this
जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ में प्रस्तावित नई रेलवे लाइन परियोजना को लेकर सर्वे कार्य में तेजी आ गई है। इसी क्रम में रेलवे अधिकारियों की टीम जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़, खैरताल और गंगाजल गांवों में पहुंची, जहां प्रारंभिक सर्वेक्षण किया गया। इस महत्वाकांक्षी रेल परियोजना को राज्य बजट में पहले ही मंजूरी मिल चुकी है।
यह नई रेलवे लाइन नया रायपुर को दुर्ग और बलौदाबाजार-खरसिया से जोड़ेगी। खास बात यह है कि यह लाइन मौजूदा रेल मार्गों से पूरी तरह अलग होगी और उन क्षेत्रों से होकर गुजरेगी, जहां अब तक रेल सुविधा उपलब्ध नहीं है।
प्राथमिक सर्वे के बाद मिली स्वीकृति
छत्तीसगढ़ रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (CRCL) द्वारा किए गए प्राथमिक सर्वेक्षण के आधार पर इस रेल लाइन को स्वीकृति प्रदान की गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, यह लाइन बिलासपुर से नहीं गुजरेगी, बल्कि नया रायपुर से दुर्ग होते हुए बलौदाबाजार और आगे खरसिया तक पहुंचेगी।
100 से अधिक गांवों को होगा फायदा
इस परियोजना से रायपुर, बलौदाबाजार और खरसिया के बीच स्थित 100 से अधिक कस्बों और गांवों को सीधा लाभ मिलने की संभावना है। इससे न सिर्फ यात्री सुविधाओं में सुधार होगा, बल्कि स्थानीय व्यापार और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
4900 करोड़ की लागत, 4 साल में पूरा करने का लक्ष्य
करीब 266 किलोमीटर लंबी इस रेलवे लाइन के निर्माण पर लगभग 4900 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है। परियोजना को चार वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है।
इस नई रेल लाइन के माध्यम से बलौदाबाजार सहित कई क्षेत्र पहली बार रेलवे नेटवर्क से जुड़ेंगे, जिससे औद्योगिक विकास और माल परिवहन को भी बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा।
