Fire Death News: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में युवक की आग से संदिग्ध मौत, जांच में जुटी पुलिस

Share this

जांजगीर-सक्ती। सक्ती जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान बिट्टू तिवारी के रूप में हुई है, जो रायगढ़ का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि वह अस्पताल परिसर में स्थित आइसोलेशन वार्ड के पास एक खाली बेड पर सोया हुआ था। इसी दौरान किसी कारणवश आग लग गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक सुबह अस्पताल कर्मचारियों को वार्ड के पास आग लगने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर युवक गंभीर रूप से झुलसा हुआ मिला। कर्मचारियों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। घटनास्थल से कोई ज्वलनशील पदार्थ, तेल या आत्मदाह से संबंधित साक्ष्य नहीं मिले हैं। केवल एक जला हुआ कंबल मिला है। वहीं आग बुझाने के लिए इस्तेमाल किया गया डिब्बा और डस्टबिन भी मौके पर मौजूद थे।

परिजनों ने पुलिस को बताया कि मृतक शराब और सिगरेट का आदी था और अक्सर घर नहीं जाता था। आशंका जताई जा रही है कि नशे की हालत में सिगरेट पीते हुए सो जाने से कंबल में आग लग गई होगी। इसके अलावा मच्छर भगाने के लिए जलाई गई अगरबत्ती से आग लगने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।

घटना के समय अस्पताल परिसर में कोई सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं था। सीएचसी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है।

पुलिस ने मृतक की पत्नी और परिजनों से पूछताछ की है। जानकारी सामने आई है कि बिट्टू तिवारी ने प्रेम विवाह किया था, लेकिन पिछले छह से सात वर्षों से वह पत्नी से अलग रह रहा था। पारिवारिक विवाद के चलते उसका कोई स्थायी ठिकाना नहीं था और वह इधर-उधर रहकर काम करता था।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

Share this

You may have missed