KBC की हॉट सीट तक पहुंचीं शिक्षिका विभा चौबे, बनेंगी जिले की पहली महिला प्रतिभागी
Share this
सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले की शिक्षिका विभा चौबे ने अपनी मेहनत, ज्ञान और आत्मविश्वास के दम पर देश के सबसे लोकप्रिय क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) की हॉट सीट तक पहुंचकर एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। विभा चौबे सरगुजा जिले से KBC की हॉट सीट तक पहुंचने वाली पहली महिला बन गई हैं, जिससे जिले और पूरे शिक्षा जगत में गर्व और उत्साह का माहौल है।
विभा चौबे 31 दिसंबर और 1 जनवरी को महानायक अमिताभ बच्चन के सामने हॉट सीट पर बैठकर सवालों का सामना करती नजर आएंगी। शो के प्रोमो के सामने आते ही सरगुजा सहित पूरे छत्तीसगढ़ में खुशी की लहर दौड़ गई। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर यह प्रोमो तेजी से वायरल हो रहा है और लोग विभा की इस सफलता को प्रेरणादायक बता रहे हैं।
विभा चौबे का कहना है कि अमिताभ बच्चन के साथ मंच साझा करना और उनके सवालों का जवाब देना उनके जीवन का सबसे यादगार अनुभव रहा। उन्होंने बताया कि यह पल हमेशा उनके दिल में विशेष स्थान रखेगा।
गौरतलब है कि इससे पहले रायपुर की एक महिला पत्रकार भी KBC की हॉट सीट तक पहुंच चुकी हैं और अमिताभ बच्चन के सवालों का सफलतापूर्वक जवाब देकर प्रदेश का नाम रोशन कर चुकी हैं। अब विभा चौबे की इस उपलब्धि ने सरगुजा को भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है।
