CG Colsed: कांकेर हिंसा के विरोध में छत्तीसगढ़ बंद, रायपुर के सभी मॉल बंद, मैग्नेटो मॉल में तोड़फोड़

Share this

रायपुर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में हुई हिंसा के विरोध में छत्तीसगढ़ सर्व समाज द्वारा बुलाए गए प्रदेशव्यापी बंद का असर राजधानी रायपुर में भी व्यापक रूप से देखने को मिला। बंद के चलते रायपुर के सभी मॉल आज पूरी तरह बंद रहे। यह पहला मौका है जब बंद का सीधा असर राजधानी के मॉल और मल्टीप्लेक्स पर पड़ा है।

मॉल प्रबंधन द्वारा आज के लिए सभी गतिविधियां स्थगित कर दी गईं। जिन लोगों ने मल्टीप्लेक्स में फिल्म देखने के लिए पहले से टिकट बुक कर रखे थे, उनकी टिकटें रद्द कर दी गई हैं और उन्हें पूरी राशि वापस की जा रही है।

गौरतलब है कि कांकेर जिले के आमाबेड़ा में धर्म परिवर्तन किए गए एक व्यक्ति के शव को दफनाने को लेकर विवाद उत्पन्न हुआ था। यह विवाद देखते ही देखते हिंसा और आगजनी में तब्दील हो गया, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। इसी घटना के विरोध में छत्तीसगढ़ सर्व समाज ने प्रदेशव्यापी बंद का आह्वान किया था।

बंद का असर प्रदेशभर में नजर आया। रायपुर, बस्तर, सरगुजा सहित कई संभागों में बाजार, दुकानें और निजी संस्थान बंद रहे।

 

मैग्नेटो मॉल में तोड़फोड़

रायपुर में बंद कराने निकले प्रदर्शनकारियों ने तेलीबांधा स्थित मैग्नेटो मॉल में घुसकर क्रिसमस को लेकर की गई सजावट को नुकसान पहुंचाया। इसके अलावा कटोरा तालाब स्थित ब्लिंकिट गोदाम में भी हंगामा किए जाने की सूचना है।

घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए रायपुर के सभी मॉल के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन ने एहतियातन आज के लिए सभी मॉल बंद रखने का निर्णय लिया है। फिलहाल राजधानी में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

 

Share this