Patwari Suspended: रिश्वत मांगते वीडियो वायरल होने पर पटवारी निलंबित, प्रशासन की त्वरित कार्रवाई

Share this

कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में शासकीय कार्य के एवज में रिश्वत मांगने वाले एक पटवारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। कुछ दिन पहले पटवारी का रिश्वत मांगते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था, जिसके बाद जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई की है।

 

निलंबित पटवारी का नाम अमरेश कुमार पाण्डेय है, जो जिले के पटना तहसील अंतर्गत हल्का नंबर 06 अमहर रा.नि.मं. क्षेत्र में पदस्थ थे। वायरल वीडियो में वे शासकीय कार्य के बदले पैसे की मांग करते स्पष्ट रूप से नजर आ रहे हैं।

 

प्रशासन द्वारा जारी आदेश क्रमांक 4729/अ.वि.अ./का.गो./2025 के अनुसार, पटवारी द्वारा छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण नियम) 1965 के नियम 03 का उल्लंघन किया गया है, जिसे कदाचार की श्रेणी में माना गया है। इसके तहत छत्तीसगढ़ सिविल सेवा वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील नियम 1966 के नियम 09 (1) के अंतर्गत निलंबन का आदेश जारी किया गया।

 

निलंबन अवधि के दौरान पटवारी को शासन के निर्देशानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। साथ ही, उनका मुख्यालय अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बैकुण्ठपुर में निर्धारित किया गया है।

 

जिला प्रशासन ने इस कार्रवाई के माध्यम से भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश दिया है। वायरल वीडियो में पटवारी की संलिप्तता स्पष्ट पाए जाने के बाद त्वरित कदम उठाए गए, जिससे प्रशासन की जीरो टॉलरेंस नीति को बल मिला है।

Share this

You may have missed