December 24 Chhattisgarh band: धर्मांतरण और अत्याचार के खिलाफ व्यापारी समाज एकजुट
Share this
NV news रायपुर।December 24 Chhattisgarh band: छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने 24 दिसंबर 2025 को आहूत “छत्तीसगढ़ बंद” को पूर्ण एवं ऐतिहासिक समर्थन देने की घोषणा की है। इस संबंध में प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी की अध्यक्षता में व्यापारिक संगठनों एवं चेम्बर पदाधिकारियों की एक अति आवश्यक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कांकेर जिले के आमाबेड़ा क्षेत्र में मिशनरियों द्वारा स्थानीय जनजाति समाज पर किए गए कथित योजनाबद्ध हमले तथा स्थानीय प्रशासन के भेदभावपूर्ण रवैये पर गहरा रोष व्यक्त किया गया। उपस्थित व्यापारियों ने इसे सामाजिक सौहार्द और प्रदेश की शांति के लिए गंभीर चुनौती बताया।
धर्मांतरण और अत्याचार के खिलाफ व्यापारी समाज एकजुट
बैठक की शुरुआत में (Chamber of Commerce) चेम्बर प्रदेश महामंत्री अजय भसीन ने आमाबेड़ा की घटना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज पर हो रहे अत्याचार और जबरन धर्मांतरण के खिलाफ चेम्बर अपने सामाजिक दायित्व का निर्वहन करते हुए सर्व समाज छत्तीसगढ़ द्वारा आहूत बंद का पुरजोर समर्थन करता है।
प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी का कड़ा बयान
प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण एक गंभीर और चिंताजनक विषय बन चुका है। षड्यंत्रपूर्वक और धोखे से किए जा रहे धर्मांतरण को रोकना आवश्यक है। उन्होंने स्थानीय प्रशासन पर पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसे मामलों में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है।
उनके आह्वान पर बैठक में उपस्थित सभी व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने हाथ उठाकर बंद को पूर्ण समर्थन दिया।
सुनियोजित बंद पर दिया गया जोर
पूर्व विधायक एवं चेम्बर संरक्षक श्रीचंद सुंदरानी ने कांकेर की घटना को अत्यंत पीड़ादायक बताया। उन्होंने कहा कि बढ़ते धर्मांतरण की घटनाएं प्रदेश की शांति और सामाजिक ताने-बाने के लिए खतरा हैं। साथ ही सुझाव दिया कि बंद को सुनियोजित तरीके से रखा जाए, जिससे ट्रांसपोर्टेशन एवं कच्चे माल से जुड़े व्यापारियों को न्यूनतम आर्थिक नुकसान हो, लेकिन विरोध का संदेश सशक्त रूप से पहुंचे।
गांव से शहर तक बंद का प्रभाव
पूर्व विधायक लामचंद बाफना ने कहा कि यह बंद केवल रायपुर तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि प्रदेश की हर इकाई, छोटे से छोटे व्यापारी तक इसकी जानकारी पहुंचे।
वहीं, ट्रांसपोर्ट चेम्बर के अध्यक्ष हरचरण सिंह साहनी ने धर्मांतरण को समाज के लिए घातक बताते हुए ट्रांसपोर्ट जगत की ओर से “छत्तीसगढ़ बंद” को शत-प्रतिशत समर्थन देने की घोषणा की।
सड़कों पर उतरकर जताएंगे विरोध
चेम्बर के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश वासवानी एवं जसप्रीत सिंह सलूजा ने कहा कि अब केवल बंद पर्याप्त नहीं है, बल्कि व्यापारियों को मुख्य चौक-चौराहों पर एकत्र होकर समाज विरोधी घटनाओं के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त करना चाहिए।
वहीं, भाटागांव व्यापारी संघ के अध्यक्ष ने बंद का समर्थन करते हुए इस विषय पर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने की घोषणा की।
