Doctors Training: मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ी पहल, डॉक्टरों को मिला विशेष प्रशिक्षण
Share this
मुंगेली। राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम (NMHP) के अंतर्गत चैंप (CHAMP) प्रोजेक्ट के तहत जिले में मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। राज्य कार्यालय के आदेशानुसार तथा जिला स्वास्थ्य विभाग और राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के संयुक्त तत्वावधान में निमहाँस, बेंगलुरू के सहयोग से समस्त चिकित्सा अधिकारियों एवं आरएमए के लिए दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण का आयोजन किया गया।
होटल कस्तूरी में हुआ दो दिवसीय प्रशिक्षण
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 15 दिसंबर 2025 एवं 16 दिसंबर 2025 को होटल कस्तूरी, करही में आयोजित हुआ। प्रशिक्षण में निमहाँस, बेंगलुरू से आई विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. गुरसीमर कौर ने मानसिक रोगों की पहचान, प्रारंभिक मूल्यांकन एवं उपचार से जुड़ी ऑनसाइट बेसिक साइकिएट्रिक ट्रेनिंग प्रदान की।
प्राथमिक स्तर पर मानसिक रोग पहचान पर फोकस
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य प्राथमिक स्तर पर कार्यरत चिकित्सकों एवं आरएमए को मानसिक रोगों के प्रति जागरूक करना, समय रहते पहचान सुनिश्चित करना तथा उचित उपचार और रेफरल के लिए उन्हें सक्षम बनाना रहा। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों से आए कुल 64 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
अवसाद, तनाव और नशा विकारों पर दी गई जानकारी
प्रशिक्षण सत्रों के दौरान अवसाद, चिंता विकार, मानसिक तनाव, नशा संबंधी विकार, गंभीर मानसिक रोगों के लक्षण, प्राथमिक उपचार एवं रेफरल प्रणाली पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही मानसिक रोगियों के साथ संवेदनशील व्यवहार, संवाद कौशल एवं परामर्श तकनीकों पर भी विशेष जोर दिया गया।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पंडरभट्टा का निरीक्षण
प्रशिक्षण कार्यक्रम के उपरांत डॉ. गुरसीमर कौर एवं संबंधित अधिकारियों द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पंडरभट्टा का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, रिकॉर्ड संधारण तथा मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का अवलोकन कर आवश्यक सुझाव दिए गए।
अधिकारियों के मार्गदर्शन में सफल आयोजन
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल आयोजन में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. गिरीश कुर्रे एवं जिला नोडल अधिकारी (मानसिक स्वास्थ्य) डॉ. संजय ओबेरॉय के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के समस्त मानव संसाधनों का सराहनीय योगदान रहा।
मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी मजबूती
कार्यक्रम के माध्यम से जिले में मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है, जिससे भविष्य में आमजन को समय पर, प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

