CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड, मैनपाट में तापमान 1 डिग्री, कई जिलों में शीतलहर का अलर्ट

Share this

रायपुर: छत्तीसगढ़ में इन दिनों कड़ाके की ठंड ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में हाड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ रही है। उत्तर-पश्चिम से आ रही सर्द हवाओं के कारण सरगुजा संभाग सबसे ज्यादा ठिठुर रहा है। मैदानी इलाकों से लेकर दक्षिण छत्तीसगढ़ के जगदलपुर तक ठंड का असर साफ नजर आ रहा है।

प्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मैनपाट में न्यूनतम तापमान गिरकर 1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। ठंड के कारण आम जनजीवन के साथ-साथ किसानों और पशुपालकों की चिंता भी बढ़ गई है।

 

राजधानी रायपुर में छाएगा घना कोहरा

मौसम विभाग ने उत्तर छत्तीसगढ़ समेत राजधानी रायपुर के कुछ इलाकों में घना कोहरा छाने की चेतावनी जारी की है। सुबह के समय दृश्यता कम रहने की संभावना है, जिससे यातायात भी प्रभावित हो सकता है। वहीं, उत्तर छत्तीसगढ़ के कई क्षेत्रों में सब्जियों और फसलों पर पाले का खतरा बढ़ गया है।

 

अंबिकापुर समेत सरगुजा संभाग में ठिठुरन

अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, जिससे सुबह और रात के समय ठिठुरन काफी बढ़ गई है। पेंड्रा-मरवाही, कोरिया, जशपुर और मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिलों में भी इसी तरह कड़ाके की ठंड पड़ रही है। लगातार गिरते तापमान के चलते लोगों को घर से बाहर निकलने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

 

इन जिलों में शीतलहर का अलर्ट

मौसम विभाग ने 22 दिसंबर को छत्तीसगढ़ के कई जिलों में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है। इनमें राजधानी रायपुर सहित कवर्धा, राजनांदगांव, दुर्ग, कोरिया, बिलासपुर, कोरबा, सूरजपुर, बलरामपुर, जशपुर, सरगुजा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, मुंगेली और बालोद जिले शामिल हैं।

 

मौसम विभाग ने लोगों को ठंड से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने और किसानों को फसलों की सुरक्षा के लिए उचित इंतजाम करने की सलाह दी है।

Share this

You may have missed