CG Crime News: जयंती समारोह में डांस को लेकर विवाद, युवक की चाकू मारकर हत्या, दो नाबालिग हिरासत में
Share this
रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। चोरी, लूट, हत्या, दुष्कर्म और चाकूबाजी जैसी गंभीर वारदातें आम होती जा रही हैं। पुलिस की सख्ती के बावजूद अपराधी बेखौफ होकर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। इसी कड़ी में राजधानी रायपुर से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना रायपुर के उरला थाना क्षेत्र की है। सतनाम चौक के पास जयंती समारोह के दौरान डांस को लेकर हुए विवाद में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान नीतिल खरे के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि समारोह के दौरान डांस करने को लेकर नीतिल खरे का दो नाबालिग लड़कों से विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़कर हिंसक झगड़े में बदल गई। आरोप है कि दोनों नाबालिगों ने नीतिल पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमला इतना गंभीर था कि नीतिल खरे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वहीं, पुलिस ने इस हत्या की वारदात को अंजाम देने वाले दो नाबालिग आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। मामले की जांच जारी है और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
