Crime News: केरल में छत्तीसगढ़ के मजदूर की लिंचिंग से हत्या, बांग्लादेशी समझकर पीट-पीटकर मार डाला
Share this
सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले से ताल्लुक रखने वाले एक मजदूर की केरल में लिंचिंग कर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान करही गांव निवासी रामनारायण बघेल के रूप में हुई है। घटना केरल के पलक्कड़ जिले की है, जहां कुछ लोगों ने उसे बांग्लादेशी घुसपैठिया समझकर बेरहमी से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया।
मिली जानकारी के अनुसार रामनारायण बघेल करीब एक सप्ताह पहले रोज़गार की तलाश में केरल गया था। पलक्कड़ में काम की खोज के दौरान कुछ लोगों ने उस पर चोरी और अवैध घुसपैठ का आरोप लगाते हुए मलयालम भाषा में पूछताछ की। इसके बाद भीड़ ने उसे घेर लिया और बुरी तरह मारपीट शुरू कर दी। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसे देखकर परिजन और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। वीडियो में साफ तौर पर भीड़ द्वारा की गई बेरहमी देखी जा सकती है।
मृतक रामनारायण बघेल अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर बताई जा रही है। परिजनों ने राज्य सरकार से मुआवजा देने और शव को गांव तक लाने में सहायता की मांग की है। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन केरल के लिए रवाना हो गए हैं।
केरल पुलिस के अनुसार इस मामले में अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने बताया कि लिंचिंग और हत्या के विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
बिना किसी ठोस जानकारी और पुष्टि के एक निर्दोष मजदूर की हत्या ने कानून-व्यवस्था और प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
