Politics news: सियासी संग्राम के बाद अचानक बदला माहौल, एक ही मेज़ पर बैठे कट्टर विरोधी
Share this
नई दिल्ली: संसद के शीतकालीन सत्र का अंतिम दिन 19 दिसंबर को शुरू हुआ, लेकिन कुछ ही समय बाद लोकसभा को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया। राज्यसभा ने भी दस्तावेज प्रस्तुत करने की प्रक्रिया पूरी करने के बाद अनिश्चितकाल के लिए स्थगित होने की घोषणा की।
इसके साथ ही संसद का शीतकालीन सत्र समाप्त हो गया। यह सत्र लगातार हंगामे, तीखी बहसों और विरोध प्रदर्शनों के बीच गुज़रा। गुरुवार रात विपक्षी नेताओं ने संसद परिसर में करीब 12 घंटे तक धरना-प्रदर्शन किया। यह विरोध एमजीएनआरईजीए ग्रामीण रोजगार योजना को हटाकर लाए गए वीबी-जी आरएएमजी विधेयक के खिलाफ था। विपक्ष ने ऐलान किया कि इस मुद्दे को लेकर देशभर में आंदोलन किया जाएगा।
हालांकि सत्र समाप्त होने के बाद संसद परिसर में एक बेहद चौंकाने वाला नज़ारा देखने को मिला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ कई प्रमुख विपक्षी नेता एक साथ नजर आए। सभी नेता चाय पर चर्चा करते दिखाई दिए।
इस दौरान वायनाड की सांसद और कांग्रेस की वरिष्ठ नेता प्रियंका गांधी भी मौजूद रहीं। उनके साथ समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत विभिन्न दलों के सांसद इस अनौपचारिक बैठक का हिस्सा बने।
गौरतलब है कि प्रियंका गांधी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुखर आलोचक माना जाता है। सदन के भीतर और चुनावी मंचों पर वह प्रधानमंत्री पर तीखे राजनीतिक हमले करती रही हैं। ऐसे में दोनों नेताओं को एक ही मेज पर सहज माहौल में देखना राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।
फिलहाल इस मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसे भारतीय राजनीति का एक अलग और दिलचस्प क्षण बता रहे हैं।

