CG Crime News: ट्रक का रास्ता रोककर 85 हजार की लूट, स्कोर्पियो सवार 3 बदमाश गिरफ्तार
Share this
जांजगीर-चाम्पा: जांजगीर-चाम्पा जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में ट्रक का रास्ता रोककर 85 हजार रुपये की लूट करने वाले तीन बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान अमन साहू, आसिफ उर्फ छोटू खान और प्रियांशु गांगुली के रूप में हुई है। तीनों आरोपी बिलासपुर जिले के सीपत थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, राजस्थान निवासी ट्रक चालक रतन नायक चाम्पा से टाइल्स और पत्थर लोड कर गुजरात की ओर जा रहा था। ट्रक के टूल बॉक्स में डिलीवरी के किराए के रूप में 85 हजार रुपये रखे हुए थे। इसी दौरान नेशनल हाईवे-49 ओवरब्रिज के पास स्कोर्पियो सवार बदमाशों ने ट्रक का रास्ता रोक लिया और चाकू व रॉड दिखाकर नगदी लूटकर फरार हो गए।
घटना के बाद अकलतरा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। लुटेरों तक पहुंचने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने 150 से अधिक CCTV फुटेज की बारीकी से जांच की, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान और तस्दीक की गई।
पुलिस ने आरोपियों के पास से लूट की रकम में से 10 हजार रुपये नकद, एक चाकू, एक रॉड और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कोर्पियो वाहन को जब्त किया है। मेडिकल जांच, पूछताछ और बयान के बाद तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(4), 296, 115(2) और 3(5) के तहत कार्रवाई की है।
