CG Weather News: ठंड का कहर, बर्फ जैसी जमी ओस से ढके पहाड़ी इलाके, मौसम विभाग का अलर्ट
Share this
रायपुर: छत्तीसगढ़ में इन दिनों कड़ाके की ठंड ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में शीतलहर का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। पहाड़ी और मैदानी इलाकों में तापमान तेजी से गिर रहा है, जिससे सुबह और रात के समय ठिठुरन बढ़ गई है।
गुरुवार की सुबह प्रदेश में इस मौसम का अब तक का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया। ठंड के चलते सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और लोग अलाव का सहारा लेते नजर आए। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट की संभावना जताई है।
अमरकंटक बना बर्फ जैसी सफेद चादर में लिपटा
अमरकंटक में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया, जबकि पेंड्रा में तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सुबह के समय अमरकंटक के रामघाट, माई की बगिया और श्रीयंत्र मंदिर सहित कई इलाकों में बर्फ जैसी जमी ओस दिखाई दी। पूरा क्षेत्र सफेद चादर में ढका नजर आया, जिसे देखकर श्रद्धालु और स्थानीय लोग हैरान रह गए। ठंड के कारण सुबह दर्शन के लिए निकले लोग ठिठुरते नजर आए।
इन जिलों में शीतलहर का अलर्ट
मौसम विभाग ने 19 दिसंबर को रायपुर, कबीरधाम, राजनांदगांव, दुर्ग, कोरिया, बिलासपुर, कोरबा, सूरजपुर, बलरामपुर, जशपुर, सरगुजा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, मुंगेली और बालोद जिलों में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है। लोगों को सतर्क रहने और ठंड से बचाव के लिए आवश्यक कदम उठाने की सलाह दी गई है।
