CG Naxal News: घने जंगलों में सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़, DRG का सर्च ऑपरेशन जारी
Share this
बीजापुर: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ की खबर सामने आई है। थाना भैरमगढ़ के अंतर्गत इन्द्रावती क्षेत्र के दुर्गम जंगलों और पहाड़ी इलाकों में यह मुठभेड़ चल रही है। खुफिया इनपुट के आधार पर जिला पुलिस की डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (DRG) टीम द्वारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया था।
सर्च ऑपरेशन के दौरान मुठभेड़
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 19 दिसंबर 2025 की सुबह सर्च अभियान के दौरान DRG जवानों का माओवादियों से सामना हो गया। आमने-सामने आने के बाद दोनों ओर से रुक-रुककर फायरिंग शुरू हो गई। इलाके की भौगोलिक स्थिति कठिन होने के कारण ऑपरेशन को बेहद सावधानी के साथ अंजाम दिया जा रहा है।
सूत्रों का कहना है कि मुठभेड़ क्षेत्र के आसपास अतिरिक्त सुरक्षा बलों को तैनात कर अलर्ट मोड पर रखा गया है। DRG के अलावा अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी हालात पर लगातार निगरानी बनाए हुए हैं। समाचार लिखे जाने तक किसी भी प्रकार के जान-मल के नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
आम लोगों के लिए जारी की गई एडवाइजरी
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अभियान पूरी तरह सुनियोजित रणनीति के तहत चलाया जा रहा है और जवानों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है। नक्सल गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार सर्च ऑपरेशन किए जा रहे हैं और यह कार्रवाई उसी क्रम का हिस्सा है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गोवर्ना ने बताया कि ऑपरेशन के समाप्त होने के बाद ही मुठभेड़ से जुड़ी विस्तृत जानकारी, संभावित बरामदगी और अन्य तथ्यों को साझा किया जाएगा। फिलहाल पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है और आम नागरिकों से जंगल की ओर न जाने की अपील की गई है।
इस मुठभेड़ को जिले में चल रहे नक्सल विरोधी अभियानों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आगे की अपडेट का इंतजार है।
